Bareilly: एसआईआर...राजनैतिक दलों ने लगाई समस्याओं की झड़ी
बरेली, अमृत विचार। विशेष रोल प्रेक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार दोपहर कलेक्ट्रेट सभागार में बरेली के समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने वोट बनने, नोटिसों पर सुनवाई सहित कई समस्याएं उठाईं। विशेष रोल प्रेक्षक ने शंकाओं का निस्तारण कर कहा, समस्या होने पर जिला निर्वाचन अधिकारी से संपर्क करें।
विशेष रोल प्रेक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की मंशा है कि मतदाता सूची में सही व्यक्ति का नाम छूटे नहीं और कोई गलत का नाम मतदाता सूची में शामिल न होने पाए। दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि जनता आपके पास समस्याएं लेकर आती है, यदि किसी प्रकार की कोई शंका या समस्या है तो अवगत करा सकते हैं। आंवला के भाजपा जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह ने सुझाव दिया कि नोटिस सुनवाई केंद्र पर आने वाले लोगों की संख्या अधिक हो जाती है, लोग कतार में खड़े-खडे़ वापस चले जाते हैं, अगर हो सके तो एईआरओ को क्षेत्रों में भी भेजा जाए। बसपा के प्रतिनिधि ने कहा कि ऐसे लोग, जो काम और रोजगार के लिए बाहर चले जाते हैं, उनके वोट बनने में समस्या आ रही है, इस पर ध्यान देने की जरूरत है।
सपा के प्रतिनिधि ने बताया कि बूथ बढ़ाए गये और एसआईआर में वोट कम हो रहे हैं, यदि सम्भव हो तो मतदाताओं की संख्या के अनुसार बूथ कम किये जाएं। साथ ही कहा कि नोटिस सुनवाई केंद्र काफी दूर होने पर भी लोगों को असुविधा हो रही है। एक ही परिवार के लोगों के वोट अलग-अलग बूथों पर हो गये हैं, जिससे मतदाताओं को असुविधा हो रही है। इस पर उन्हें बताया गया कि फार्म-8 के माध्यम से बूथ बदलवाया जा सकता है। साथ ही नये नाम जोड़े जा रहे हैं, फाइनल पब्लिकेशन के बाद ही मतदाताओं की संख्या पता चलेगी। इसके बाद बूथों के बारे में निर्णय लिया जा सकेगा। राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने फार्मेट 9, 10, 11 के विषय में भी जानकारी ली। इस पर बताया गया कि फार्मेट 9 में फार्म 6 की समरी, फार्मेट 10 में फार्म 7 की समरी और फार्मेट 11 में फार्म 8 की समरी है। फार्म 7 को देने वाला व्यक्ति मतदाता होना चाहिए और अपने हस्ताक्षर से ही फार्म 7 को जमा कर सकता है।
विशेष रोल प्रेक्षक ने सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि यदि कोई समस्या हो तो जिला निर्वाचन अधिकारी से संपर्क कर समस्या के विषय में अवगत कराएं, जिससे समय के अन्तर्गत समस्या का निराकरण हो सके। जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने आश्वस्त किया कि समस्या होने पर संबंधित ईआरओ या उप जिला निर्वाचन अधिकारी से भी संपर्क कर सकते हैं। बैठक में कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला, सपा के महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी सहित अन्य दलों के प्रतिनिधि के अलावा उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट इशिता किशोर, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, एसडीएम सदर प्रमोद कुमार सहित समस्त ईआरओ उपस्थित रहे।
