UP: संभल जिला न्यायालय के 25 अधिवक्ताओं को नोटिस, पूर्व सीजेएम के तबादले पर प्रदर्शन का मामला

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। संभल जिला न्यायालय के 25 अधिवक्ताओं को पूर्व मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के तबादले के विरोध में प्रदर्शन करने के मामले में नोटिस जारी किए गए हैं।

9 जनवरी 2026 को पूर्व सीजीएम विभांशु सुधीर ने संभल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नई सराय निवासी आलम के पिता यमन की याचिका पर सुनवाई करते हुए चर्चित अनुज चौधरी और इंस्पेक्टर अनुज तोमर सहित 20 पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए थे। 

एफआईआर के आदेश के बाद 20 जनवरी को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पूर्व सीजीएम विभांशु सुधीर का तबादला सुल्तानपुर कर दिया। इसके अगले दिन 21 जनवरी को तबादले के विरोध में बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राजेश यादव के नेतृत्व में दर्जनों अधिवक्ताओं ने जिला न्यायालय परिसर में प्रदर्शन किया और तबादला रद्द करने की मांग की। इस प्रदर्शन को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया और प्रदर्शन में शामिल अधिवक्ताओं को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। 

शुक्रवार को जिला जज की ओर से सभी संबंधित अधिवक्ताओं को नोटिस तामील करा दिए गए। राजेश यादव एडवोकेट ने बताया कि कुछ अधिवक्ताओं को नोटिस मिल चुके हैं, जबकि कुछ को मिलना बाकी है। सभी को नोटिस मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किन-किन अधिवक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं।

संबंधित समाचार