T20 World Cup 2026 : धमाकेदार जीत के साथ भारत ने सुपर-8 में मारी एंट्री, पाकिस्तान को 8वीं बार T20 वर्ल्ड कप में रौंदा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कोलंबो। टी-20 वर्ल्ड कप के सबसे बड़े मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दे दी है। कोलंबो के मैदान पर भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी और फिर घातक गेंदबाजी के दम पर पाकिस्तान को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम भारतीय आक्रमण के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और भारत इस मैच को 61 रनों से हरा दिया है।

ईशान किशन की आतिशी पारी से बना विशाल स्कोर टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज ईशान किशन मैच के हीरो रहे, जिन्होंने मात्र 40 गेंदों पर 77 रनों की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी में 10 शानदार चौके और 3 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 32 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। पाकिस्तान की ओर से सईम अयूब सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट चटकाए।

3

ईशान किशन ने टीम इंडिया को पहुंचाया बड़े स्कोर तक

पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत इस मैच में अच्छी नहीं रही। पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। उनके आउट होने के बाद तिलक वर्मा और ईशान किशन ने पारी को संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 87 रनों की साझेदारी हुई। ईशान ने इस दौरान 40 बॉल पर 77 रन की तूफानी पारी खेली। ईशान के आउट होने के बाद टीम इंडिया की पारी लड़खड़ा गई। सूर्यकुमार यादव ने 32 रन बनाए। वहीं तिलक वर्मा ने 25 और शिवम दुबे ने 27 रन का योगदान दिया। ईशान की इस अर्धशतकीय पारी के बदौलत टीम इंडिया 175 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। पाकिस्तान की तरफ से सैम अयूब ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।

भारतीय गेंदबाजों का कहर

176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर पाकिस्तान को संभलने का मौका नहीं दिया।

वरुण चक्रवर्ती: 16वें ओवर में अबरार अहमद और फहीम अशरफ को लगातार दो गेंदों पर आउट कर वरुण ने पाकिस्तान की कमर तोड़ दी। 

जसप्रीत बुमराह: बुमराह ने सईम अयूब और सलमान अली आगा को सस्ते में पवेलियन भेजकर दबाव बनाया।

अक्षर पटेल : अक्षर ने पाकिस्तान के मुख्य बल्लेबाज उस्मान खान (44 रन) और कप्तान बाबर आजम (5 रन) के महत्वपूर्ण विकेट लिए।

अन्य सफल गेंदबाज : हार्दिक पंड्या ने साहिबजांदा फरहान को शून्य पर आउट किया, जबकि कुलदीप यादव ने मोहम्मद नवाज और तिलक वर्मा ने शादाब खान का विकेट लिया।

संबंधित समाचार