आज से चलेगा एमआर टीकाकरण अभियान: खसरा एवं रूबेला उन्मूलन के लिए 45 जिलों में टीकाकरण का लक्ष्य

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश के 45 जिलों में सोमवार 16 से 27 फरवरी तक विशेष खसरा-रूबेला (एमआर) टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत 5 से 10 वर्ष तक के सभी बच्चों को एमआर वैक्सीन की अतिरिक्त डोज दी जाएगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष ने कहा कि प्रदेश सरकार खसरा एवं रूबेला उन्मूलन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। 

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सभी संबंधित विभागों एवं हितधारकों को सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियों से सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए। एसीएस अमित कुमार घोष ने अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने बच्चों को विद्यालय में उपस्थित कराकर एमआर वैक्सीन अवश्य लगवाएं, ताकि खसरा एवं रूबेला जैसे संक्रामक रोगों से बच्चों को सुरक्षित रखा जा सके। परिवार कल्याण विभाग के महानिदेशक डॉ. एच.डी.अग्रवाल ने बताया कि अभियान के तहत लगभग 97 लाख बच्चों को आच्छादित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इन 45 जिलों में चलेगा अभियान

आगरा, फिरोजाबाद, हाथरस,ललितपुर, जालौन, एटा, मथुरा, अलीगढ़,झांसी, गौतमबुद्ध नगर, प्रयागराज, जौनपुर, बिजनौर, कासगंज, बलिया, खीरी, महोबा, वाराणसी, पीलीभीत, गाजियाबाद, अयोध्या, बांदा, इटावा, औरैया, मैनपुरी, बदायूं , शाहजहांपुर, सोनभद्र, कानपुर नगर, मिर्जापुर, फर्रुखाबाद, बुलंदशहर, मऊ, संभल, अंबेडकर नगर, सीतापुर, आजमगढ़, बहराइच, बरेली, गोरखपुर, सहारनपुर, चित्रकूट, देवरिया, कुशी नगर एवं कन्नौज।

ये भी पढ़ें
लखनऊ में आज से कौशल विकास कार्यशाला, 7 राज्यों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

संबंधित समाचार