Ranji Semi-Finals: इकाना में रोमांचक रहा मुकाबला, राहुल और पडिक्कल के शतक से कर्नाटक के दो विकेट पर 355 रन

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। सीनियर सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल (141) और कप्तान देवदत्त पडिक्कल (नाबाद 148) के बड़े शतक से कर्नाटक ने रविवार को यहां उत्तराखंड के खिलाफ रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल के पहले दिन दो विकेट पर 355 रन बनाकर बड़े स्कोर की ओर कदम बढ़ाए। उत्तराखंड के कप्तान कुणाल चंदेला ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जिसके बाद कर्नाटक के दो अनुभवी बल्लेबाजों ने विरोधी गेंदबाजों को काफी परेशान किया।

Untitled design (11)

 क्वार्टर फाइनल में मुंबई पर कर्नाटक की जीत में शानदार शतक जड़ने वाले भारत के टेस्ट और एकदिवसीय विशेषज्ञ राहुल ने एक और शानदार पारी खेली। उन्होंने 211 गेंद की अपनी पारी में 11 चौके और पांच छक्के की मदद से अपना 25वां प्रथम श्रेणी शतक जड़ा। एकाना क्रिकेट स्टेडियम में पहले दिन का खेल खत्म होने पर पडिक्कल 236 गेंद पर 148 रन बनाकर खेल रहे थे। उन्होंने अपनी पारी में 16 चौके और दो छक्के लगाए हैं। 

आठ बार के रणजी चैंपियन कर्नाटक के लिए दूसरे छोर पर करुण नायर 37 रन बनाकर पडिक्कल का साथ निभा रहे हैं। राहुल और पडिक्कल ने दूसरे विकैट के लिए ने 278 रन जोड़कर कर्नाटक को मजबूत मंच दिया। कर्नाटक ने इससे पहले सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (05) का विकेट जल्दी खो दिया जिन्होंने आदित्य रावत की गेंद पर प्रशांत चोपड़ा को कैच थमाया। 

हालांकि इसके बाद राहुल और पडिक्कल छाए रहे और दिन के खेल के दौरान अधिकतर समय उत्तराखंड के गेंदबाजों पर दबदबा बनाए रखा। अपने ससुर और बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी की मौजूदगी में राहुल ने एक और शानदार पारी खेली। उन्होंने अवनीश सुधा की गेंद पर एक रन के साथ शतक पूरा किया। लंच तक कर्नाटक का स्कोर एक विकेट पर 133 रन था जिसे टीम ने चाय तक एक विकेट पर 263 रन किया। पडिक्कल ने कर्नाटक के बाएं हाथ के पूर्व स्पिनर जे सुचित की गेंद पर लॉन्ग ऑन पर छक्का लगाकर शतक पूरा किया। रावत ने आखिरी सत्र की अपनी पहली ही गेंद पर राहुल का कैच अपनी ही गेंद पर लपककर इस साझेदारी को तोड़ा। 

सुनील शेट्टी ने बेटे अहान के साथ मैच का उठाया लुत्फ

लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले के पहले दिन का आकर्षण बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी रहे। वह अपने बेटे अहान शेट्टी के साथ स्टेडियम पहुंचे और पूरे उत्साह के साथ मैच का आनंद लिया। दरअसल, सुनील शेट्टी शहर में एक निजी कार्यक्रम के सिलसिले में राजधानी आए हुए थे। उनके दामाद केएल राहुल इस रणजी मुकाबले में कर्नाटक टीम का हिस्सा हैं। इसी कारण सुनील शेट्टी खास तौर पर राहुल की बल्लेबाजी देखने इकाना स्टेडियम पहुंचे। मैच के दौरान दर्शकों में उस समय खास उत्साह देखने को मिला, जब केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना शतक पूरा किया। 

Untitled design (12)

स्टेडियम में मौजूद सुनील शेट्टी और अहान शेट्टी ने भी इस कामयाबी पर तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर इकाना स्पोर्ट्स सिटी के मैनेजिंग डायरेक्टर उदय सिन्हा भी मौजूद रहे। मैच के पहले दिन सुनील शेट्टी की मौजूदगी ने दर्शकों के बीच अलग ही आकर्षण पैदा किया। राहुल के शतक पूरा करने के बाद सुनील शेट्टी अपने बेटे के साथ स्टेडियम से रवाना हो गए। रणजी मुकाबले के साथ-साथ बॉलीवुड और क्रिकेट का यह संगम दर्शकों के लिए खास अनुभव बन गया।

ये भी पढ़ें : 
Semi-Finals: उत्तराखंड और कर्नाटक का महामुकाबला, इकाना में खेला जायेगा रणजी ट्रॉफी का सेमीफाइनल

संबंधित समाचार