भदोही और शाहजहांपुर जिलों में होगी दो विश्‍वविद्यालयों की स्‍थापना, विधानसभा में विधेयक पारित

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र में सोमवार को उच्‍च शिक्षा से संबंधित दो विधेयक पारित किये गये, जिसके तहत अब राज्‍य के भदोही जिले में काशी नरेश विश्वविद्यालय-भदोही और शाहजहांपुर जिले में स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय-शाहजहांपुर के रूप में जाना जाएगा।

विधानसभा में उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने सोमवार को प्रश्नकाल के बाद उत्तर प्रदेश राज्‍य विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक-2026 और उप्र राज्‍य विश्वविद्यालय (द्वितीय संशोधन) विधेयक-2026 सत्ता पक्ष के सदस्यों के बहुमत होने से ध्वनि मत से पारित किया गया। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने दोनों विधेयकों के पारित किये जाने की घोषणा की।

पहला विधेयक भदोही जिले के काशी नरेश विश्वविद्यालय से संबंधित है जबकि दूसरा विधेयक शाहजहांपुर के स्वामी शुकदेवानंद विश्‍वविद्यालय की स्थापना से संबंधित है। मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्रदान करने के लिए राज्य में नए विश्वविद्यालय को स्थापित किए जाने का एक लक्ष्य निर्धारित किया है।

इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए जिला भदोही में ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्र के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु एक नए राज्य विश्वविद्यालय स्थापित करने की आवश्यकता का अनुभव किया गया है। उपाध्याय ने बताया कि काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर भदोही जिले का सबसे पुराना सर्वाधिक प्रतिष्ठित एवं अधिकतम छात्र संख्या वाला महाविद्यालय है और इस महाविद्यालय को एक विश्वविद्यालय के रूप में स्थापित करके ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रसार के अभिवृद्धि की जाएगी।

उन्‍होंने कहा कि उपयुक्त के दृष्टिगत काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर भदोही को काशी नरेश विश्वविद्यालय-भदोही के रूप में स्थापित करने का निर्णय किया गया। उप्र उत्तर प्रदेश विधानसभा में सोमवार को उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय कोष में द्वितीय संशोधन विधेयक 2026 पारित किया गया।

इस विधेयक के तहत एक विश्वविद्यालय जिसे स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय शाहजहांपुर के रूप में जाना जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य में उच्च शिक्षा के सर्वांगीण विकास के लिए मुमुक्ष आश्रम ट्रस्ट शाहजहांपुर के अधीन संचालित शैक्षणिक इकाइयों को उच्चीकृत कर ट्रस्ट के मुख्य प्रशासक स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती द्वारा स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय शाहजहांपुर की स्थापना करने का निर्णय किया गया।

चूंकि राज्य विधानमंडल सत्र में यह नहीं था और इसको कार्यान्वित करने के लिए तुरंत विधिक कार्रवाई आवश्यक थी, इसलिए राज्यपाल द्वारा 24 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय (द्वितीय संशोधन) अध्यादेश 2026 प्रख्यापित किया था। इसे विधेयक के रूप में विधानसभा में पारित करने का सोमवार को उच्च शिक्षा मंत्री ने प्रस्ताव दिया जो ध्वनि मत से पारित किया गया। 

संबंधित समाचार