UP: सड़क हादसे ने उजाड़े दो परिवार...घर का एक लौता चिराग था सौरभ, 10 माह पहले घोड़ी चढ़ा था शिवम

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

गोला गोकर्णनाथ, अमृत विचार। खुटार रोड बाईपास पर दतेली गांव के पास शनिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, छितौनिया गांव निवासी सौरभ वर्मा (24) पुत्र मनोज वर्मा अपने गांव से गोला किसी काम से बाइक से जा रहा था। उसके साथ गांव का ही शिवम (24) पुत्र लालाराम राठौर भी सवार था। शाम करीब 6:30 बजे दोनों दतेली गांव के पास गंभीर हालत में सड़क किनारे पड़े मिले। हादसा किस वाहन से हुआ, इसका पता नहीं चल सका है। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला लेकर आई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया कि सौरभ अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और उसकी एक बड़ी बहन है। वहीं शिवम अपने चार भाइयों में सबसे बड़ा था, जिसकी शादी महज 10 माह पहले ही हुई थी। दोनों युवकों की असमय मौत से परिवारों में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

संबंधित समाचार