अमेरिका के साथ ट्रेड डील देश के किसानों के साथ धोखा... सुनील सिंह ने 17 किसान संगठनों के साथ प्रदेश भर में सौंपे ज्ञापन
लखनऊ, अमृत विचार: लोकदल ने 17 किसान संगठनों के साथ अमेरिका के साथ की गई कृषि डील के विरोध में सोमवार को प्रदेश भर के जिला मुख्यालयों पर केंद्र सरकार को संबोधित ज्ञापन सौंपे। इस लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चौधरी सुनील सिंह ने कहा कि भारत-अमेरिका कृषि डील कोई ट्रेड डील नहीं, बल्कि पेड डील है, जो देश के किसानों के साथ खुला धोखा है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सुनील सिंह ने कहा कि समझौता किसानों के हितों को दरकिनार कर देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर करने और भारत को आर्थिक रूप से गिरवी रखने की साजिश है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस किसान-विरोधी डील को तत्काल निरस्त नहीं किया गया तो आंदोलन की आग और अधिक भयावह रूप लेगी। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के अध्यक्ष वीएम सिंह तथा किसान नेता ऋषिपाल अम्बावता सहित 17 किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से कहा कि यह डील भारतीय कृषि व्यवस्था को बहुराष्ट्रीय कंपनियों के हवाले करने का प्रयास है। इससे न्यूनतम समर्थन मूल्य, स्थानीय मंडियों और छोटे किसानों के अस्तित्व पर गंभीर संकट उत्पन्न होगा। ज्ञापन के माध्यम से सरकार को चेतावनी दी गई है कि किसानों के सम्मान और अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
