हरदोई हत्याकांडः दामाद ने पुरानी रंजिश में ससुर को हॉकी से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, आरोपी फरार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

भरखनी, हरदोई। ससुर और दामाद का रिश्ता जहां सम्मान और विश्वास का प्रतीक माना जाता है, वहीं पचदेवरा थाना क्षेत्र में इसी रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक दामाद ने पुराने विवाद के चलते अपने ही ससुर की हॉकी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। ससुर रामतल मंदिर पर प्रसाद चढ़कर वापस लौट रहे थे।

जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर जनपद के अल्लाहगंज के मोहल्ला विकास नगर गंज निवासी अशोक बाबू उर्फ पिन्ने (52) मंगलवार सुबह अपनी बहन अलका के साथ बाइक से हनुमत धाम रामताल मंदिर पर प्रसाद चढ़ाकर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे ग्राम हथौड़ा के नहर के निकट पहुंचे, तभी उनके दामाद मनमोहन उर्फ मन्नू ने उन्हें रोक लिया। बताया जाता है कि ससुर-दामाद के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, इसी रंजिश में दामाद ने हाकी से अपने ससुर के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, इसमें कई हाकी उनके सिर पर लगी। गंभीर रूप से घायल अशोक बाबू को लहुलुहान हालत में तत्काल इलाज के लिए फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पचदेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और आरोपी दामाद की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।

संबंधित समाचार