BBD League : यार्कर और आरईपीएल क्रूसेडर्स ने जीत दर्ज कर पूरे अंक बटोरे,सात विकेट से LCC क्लब को दी शिकस्त

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: 21वीं बाबू बनारसी दास ए डिवीजन लीग में सोमवार को खेले गए मुकाबलों में यार्कर क्रिकेट क्लब और आरईपीएल क्रूसेडर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे अंक हासिल किए। क्रूसेडर्स ने यूपी टिंबर क्रिकेट क्लब को 12 रन से हराया, जबकि यार्कर क्रिकेट क्लब ने लाइफ केयर क्रिकेट क्लब को सात विकेट से शिकस्त दी।

डॉ. अखिलेश दास स्टेडियम में खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए लाइफ केयर क्रिकेट क्लब की टीम 26.3 ओवर में 139 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और 58 रन के भीतर शीर्ष क्रम के पांच बल्लेबाज पवेलियन लौट गए।

यार्कर क्रिकेट क्लब की ओर से सार्थक दीक्षित, शिवम यादव, अक्षु बाजवा और जैनुद्दीन ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर से दूर रखा। जवाब में यार्कर क्रिकेट क्लब ने 27.4 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। अमन सिंह चौहान ने नाबाद 40 रन की संयमित पारी खेली, जबकि कुशाग मिश्रा ने 33 रन का योगदान दिया।

वहीं स्पोर्ट्स गैलेक्सी बी ग्राउंड पर खेले गए दूसरे मुकाबले में आरईपीएल क्रूसेडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 242 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज अमोघ सिंह ने 60 रन बनाकर टीम को सशक्त शुरुआत दिलाई।

मध्यक्रम में चौबे ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 81 गेंदों में 11 चौके और छह छक्कों की मदद से 129 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए यूपी टिंबर क्रिकेट क्लब की टीम 230 रन पर सिमट गई और क्रूसेडर्स ने 12 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

संबंधित समाचार