बाराबंकी : गुस्साए दूल्हे ने दुल्हन को मारी लात, ससुर से की धक्का मुक्की, जानें फिर क्या हुआ

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। विवाह समारोह में बार-बार सेल्फी से आग बबूला हुए दूल्हे ने दुल्हन को लात मार दी, वहीं ससुर से धक्का मुक्की की। दोनों पक्षों से न सिर्फ हाथापाई हुई बल्कि बाराती जनाती भिड़ गए और कुर्सियां तक तोड़ी गईं। देर रात सुलह के बाद किसी तरह बाकी रस्में पूरी की गईं। सूचना पर पुलिस ने भी हस्तक्षेप किया। 

थाना क्षेत्र अंतर्गत गणेशपुर कस्बा निवासी शत्रुघ्न शिल्पकार की पुत्री का विवाह बहराइच जनपद के मुराइनपुरवा निवासी विशाल से तय था। शुक्रवार देर रात बारात पहुंचने के बाद द्वारचार की रस्म पूरी हुई और जयमाल का कार्यक्रम शुरू हुआ। इसी दौरान बार-बार ली जा रही सेल्फी को लेकर दूल्हे ने आपत्ति जताई। 

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दूल्हे ने दुल्हन को लात मार दी। दुल्हन के पिता के हस्तक्षेप करने पर उनके साथ भी धक्का-मुक्की हुई। मंच पर शुरू हुआ विवाद जल्द ही नीचे मौजूद बारातियों और जनातियों के बीच फैल गया। देखते ही देखते कुर्सियां, टेंट में लगे लोहे के पाइप और बल्लियों से मारपीट होने लगी। अफरातफरी के बीच कई लोग चोटिल हो गए। 

6

सूचना मिलने पर गणेशपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पूर्व प्रधान दीपचंद्र की मध्यस्थता में दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई। देर रात तक चली बातचीत के बाद टूटे फर्नीचर व अन्य नुकसान की भरपाई बराबर-बराबर वहन करने पर सहमति बनी। मारपीट में लड़की पक्ष के मामा, चाचा और चचेरा भाई भी घायल हुए, जबकि दूल्हे की बहन और बहनोई को भी चोटें आईं। 

दुल्हन पक्ष ने दूल्हे पर नशे में होने और बिना उकसावे के मारपीट शुरू करने का आरोप लगाया, हालांकि दूल्हे ने नशे में होने से इनकार किया। कोतवाल के अनुसार, दोनों पक्षों में सुलह हो जाने के बाद विवाह संपन्न कराया गया और बारात दुल्हन को लेकर वापस लौट गई।

संबंधित समाचार