बाराबंकी : थाने में पिटाई से युवक गंभीर, विरोध में प्रदर्शन नारेबाजी
रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। पूछताछ के नाम पर अयोध्या की दो थानों की पुलिस बाराबंकी जिस युवक को लेकर गई, वह गंभीर दशा में लखन्ऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस पर बेरहमी से पिटाई का आरोप लगाते हुए परिजनों संग आप पार्टी ने विरोध प्रदर्शन व नारेबाजी की। हालांकि रूदौली से आए सीओ ने मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा देकर प्रदर्शन समाप्त कराया।
कोतवाली क्षेत्र के ढेमा गांव निवासी सुहेल के परिजनों के अनुसार करीब एक सप्ताह पहले अयोध्या जिले की इनायतनगर व पटरंगा थाने की पुलिस सुहेल को घर से पूछताछ के नाम पर ले गई थी। परिवार का आरोप है कि पुलिस हिरासत में सुहेल की जमकर पिटाई की गई, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह उपचाराधीन है।
आर्केस्ट्रा पार्टी में कलाकार पिता हग्गन ने रोते हुए बताया कि उनका बेटा स्वस्थ था, लेकिन पुलिस की पिटाई के बाद उसकी स्थिति नाजुक हो गई। कहा कि निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। सूचना पर आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह सहित कई पदाधिकारी, अधिवक्ता और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।
प्रदर्शनकारियों ने भिटरिया चौराहे पर नारेबाजी की और छोटी हनुमान गढ़ी मंदिर के सामने धरना दिया। मौके पर सीओ जटा शंकर मिश्र और रुदौली के सीओ आशीष निगम ने कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर बातचीत की। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। रूदौली के क्षेत्राधिकारी आशीष निगम ने बताया कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
