Bareilly: सिटी मजिस्ट्रेट आवास की काट दी 22 लाख की आरसी, नाराजगी पर बैकफुट पर अधिकारी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

राकेश शर्मा, बरेली। बिजली विभाग के अधिकारियों ने गजब कर दिया। एडीएम कंपाउंड स्थित सिटी मजिस्ट्रेट आवास की 22 लाख से अधिक की आरसी काट दी। रामपुर गार्डन स्थित बिजली विभाग के कार्यालय से अधिशासी अभियंता की ओर से आरसी जब प्रशासन के पास पहुंची तब हल्ला मच गया। यह वही आवास है, जहां से निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने यूजीसी और प्रयागराज में बटुकों के अपमान होने के विरुद्ध सरकार विरोधी नारे लगाते हुए आक्रोश जताया था।

आरसी कलेक्ट्रेट पहुंचने पर उच्चाधिकारियों ने सख्त नाराजगी जताई। मामला लीक न हो जाए, इसके लिए जिला संग्रह कार्यालय से लेकर तहसील सदर तक के अधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट आवास की आरसी की फाइल छिपा दी। प्रशासनिक वरिष्ठ अफसरों तक यह मामला पहुंचा तो आरसी वापस कराने के निर्देश दिए। प्रशासन की कड़ी आपत्ति पर बिजली विभाग के अधिकारी बैकफुट पर आ गए।

रामपुर गार्डन स्थित कामर्शियल-2 वर्टिकल कार्यालय के अधिशासी अभियंता सूर्य कुमार ने आरसी वापस मंगाने के लिए एडीएम एफआर को 18 फरवरी को चिट्ठी लिखी। उसमें बताया है कि सिटी मजिस्ट्रेट राजस्व (आवास) बरेली के नाम से 22 लाख 73 हजार 932 रुपये का मांगपत्र वसूली के लिए भेजा गया था। एडीएम एफआर से यह मांगपत्र बिना वसूल किए खंड कार्यालय को वापस करने का अनुरोध किया।

दस दिन से कलेक्ट्रेट में सिटी मजिस्ट्रेट आवास की आरसी की चर्चा
- 26 जनवरी को पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने बरेली सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देते हुए एडीएम कंपाउंड स्थित सिटी मजिस्ट्रेट आवास से केंद्र सरकार के विरुद्ध मोर्चा खोला। तब से सिटी मजिस्ट्रेट आवास चर्चा में है। करीब 10 दिन पहले सिटी मजिस्ट्रेट आवास की काटी गयी आरसी कलेक्ट्रेट पहुंची थी, तब से कर्मचारियों के बीच चर्चा है, मगर खुलकर कोई बोल नहीं पा रहा।

 

संबंधित समाचार