UP : मनमानी करने पर सात विद्युत इंजीनियर पर गिरी गाज, किए गये निलंबित

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार: बिजली कनेक्शनों में मनमानी करके निरस्त करने के मामले में बड़ी कार्रवाई कर दी गई। लखनऊ इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई एडमिनिस्ट्रेशन (लेसा) के अमौसी जोन के सात इंजीनियरों को निलंबित कर दिया गया। साथ ही उन्हें बरेली के मुख्य अभियंता आफिस से अटैच किया गया है। आरोप है कि इंजीनियरों ने कोई बगैर वैध कारण के एक हजार के अधिक नए बिजली कनेक्शनों को निरस्त कर दिया।

मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल ने यह कार्रवाई की है। शिकायत मिली थी कि इंजीनियरों ने एक दिसंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 के बीच एक हजार से अधिक नए कनेक्शनों के आवेदनों को बिना किसी उचित कारण के निरस्त कर दिया। आरोपों की जांच निदेशक (वाणिज्य) की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति से कराई गई। समिति की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि झटपट पोर्टल पर प्राप्त नए बिजली कनेक्शन के आवेदनों को बिना ठोस कारण के ही निरस्त कर दिया, जो कि नियमों के खिलाफ है।

यह हुए निलंबित

निलंबित किए गए इंजीनियरों में अधिशासी अभियंता (कलेक्शन) नीरज कुमार, सहायक अभियंता अनुभव कुमार सिंह, अमित कुमार और प्रशांत कुमार गिरि के साथ जूनियर इंजीनियर दीपक पांडेय, रविन्द्र सिंह और दिनेश कुमार शामिल हैं। सभी को बरेली स्थित मुख्य अभियंता के कायार्लय से अटैच कर दिया गया है। निगम के अधिकारियों ने कहा है कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : यूपी में निवेश का संदेश : सिंगापुर पहुंचे सीएम योगी ने टेमासेक के चेयरमैन संग की बैठक, Invest UP पर जोर  

 

संबंधित समाचार