पूर्णागिरी मेला : जानिए कब से शुरू होगा उत्तराखंड का सुप्रसिद्ध मेला, सीएम धामी करेंगे शुभारंभ

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

चम्पावत। उत्तर भारत का सुप्रसिद्ध पूर्णागिरि मेला शुक्रवार से शुरू होगा और 15 जून तक चलेगा। मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। जिलाधिकारी मनीष कुमार के अनुसार मुख्यमंत्री देहरादून से सीधे ठुलीगाड़ अस्थाई हेलीपैड पहुंचेंगे और पूर्णागिरी मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे। साथ ही लोहाघाट में विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे। इसके पश्चात् श्री धामी लोहाघाट में आयोजित होने वाले काली कुमाऊं के नाम से प्रसिद्ध होली महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद वह यहां से अपने गृहनगर खटीमा के लिए रवाना हो जाएंगे। 

दूसरी ओर प्रशासन ने मेले को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी श्री कुमार के अनुसार मेले के सफल संचालन के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ ही स्वच्छता पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मेले में भारत और नेपाल के लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सड़कों के साथ ही पैदल मार्गों का सुधारीकरण, विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य, पार्किंग, सुरक्षा, आवास, संचार तथा स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त कर लिया गया है। मेले के सफल संचालन के लिए उप जिलाधिकारी पूर्णागिरी को मेला मजिस्ट्रेट तथा जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग की दो एंबुलेंस 24 घंटे तैनात रहेंगी तथा चिकित्सा शिविर भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें चिकित्सक एवं मेडिकल स्टाफ की तैनाती रहेगी। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे तथा पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं के लिए ठुलीगाड़ से भैरव मंदिर तक शटल सेवा संचालित की जा रही है। 

ये भी पढ़ें :  
चारधाम यात्रा की तैयारियों पर जिलाधिकारी सख्त: पंजीकरण, ट्रैफिक, स्वास्थ्य एवं ठहराव व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करने के निर्देश 

 

 

 

संबंधित समाचार