Bareilly : खोया एवं पनीर प्रथमदृष्टया दूषित मिलने पर नष्ट करें

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

होटल एवं रेस्टोरेंट, मिष्ठान विक्रेता एवं दूध की डेयरियों की नियमित जांच के निर्देश

बरेली, अमृत विचार। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के कार्यों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि होली त्योहार को देखते हुए विशेष तौर पर खोया एवं पनीर विक्रेताओं पर छापामार कार्रवाई करें। प्रथमदृष्टया संदिग्ध एवं दूषित पाये जाने पर तत्काल नष्ट कराएं, जिससे आमजन को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराया जा सके।

जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में स्थित होटल एवं रेस्टोरेंट का नियमित निरीक्षण करें। इन प्रतिष्ठानों पर साफ-सफाई के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा भी सुनिश्चित कराएं। नियमित रूप से मिष्ठान विक्रेता एवं दूध की डेयरियों की भी जांच कराएं। गर्मी के मौसम के देखते हुए बिकने वाली पानी की बोतल एवं कोल्ड ड्रिंक्स पर विशेष निगरानी रखें। ब्रांड की आड़ में नकली या मिलावटी कोल्ड ड्रिंक की बिक्री व निर्माण पर कड़ी कार्रवाई करें। साथ ही विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान व्यवहार संयमित रखें और किसी व्यापारी का उत्पीड़न न किया जाए।

बैठक में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षत गोयल ने कार्रवाई का विवरण पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया। औषधि निरीक्षक अनामिका अंकुर जैन ने औषधि अनुभाग की रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सजग रहते हुए प्रवर्तन कार्रवाई के निर्देश दिए।

संबंधित समाचार