Lucknow Aashiyana Murder Case: चश्मदीद बेटी को सरकारी गवाह बनाने की तैयारी, कई सवालों के जवाब को अभी भी खोज रही पुलिस

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

रायफल, खोखा व कारतूस बैलेस्टिक जांच के लिए फॉरेंसिक भेजा

लखनऊ, अमृत विचार: आशियाना सेक्टर-एल में पैथालॉजी संचालक व शराब कारोबारी मानवेंद्र सिंह (49) हत्याकांड में पुलिस घटना की चश्मदीद बेटी कृति सिंह को सरकारी गवाह बनाने की तैयारी में है। पुलिस ने कृति से पूछताछ कर हत्याकांड से जुड़ी कई अहम जानकारियां ली हैं। कृति ने पुलिस को बताया था कि भाई अक्षत ने पापा को गोली मारी थी। आवाज सुनकर वह कमरे में आई तो भाई ने धमकाया कि अगर शोर मचाया तो उसे भी मार देगा। जिसके बाद वह चुप हो गयी थी।

अक्षत ने उसे कमरे में बंद कर दिया था। आशियाना पुलिस हाई प्रोफाइल मामले में एक-एक बिंदु पर जांच कर रही है। ताकि केस डायरी को मजबूत कर सके। इसके साथ ही पुलिस घटना से जुड़े सभी साक्ष्यों को संकलित कर रही है। आशियाना पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला में जांच के लिए असलहा और मौके से बरामद खोखा, कारतूस व मैग्जीन भेजी है। बैलेस्टिक रिपोर्ट आने से यह साफ हो जाएगा कि जिस गोली से मानवेंद्र की मौत हुई, वह इस रायफल से चली थी या नहीं। एफएसएल की रिपोर्ट को भी पुलिस केस डायरी में शामिल करेगी।

इंस्पेक्टर आशियाना छत्रपाल सिंह ने बताया कि अक्षत के मोबाइल की काॅल डिटेल मंगवाई गई है। काॅल डिटेल आने पर पता चलेगा कि हत्याकांड में किसी और की भूमिका है या नहीं। अगर किसी और की भी भूमिका मिली तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जुटा लिए हैं। एक बात पुलिस को खटक रही है कि गोली की आवाज घर में मौजूद अन्य लोगों व पड़ोसियों को कैसे सुनायी नहीं दी? पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

आरोपित ने पूछताछ में बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार पिता से किसी न किसी बात पर टकराव हो रहा था। पुलिस सूत्रों की माने तो इस मामले में अभी कई सवालों के जवाब मिलना बाकी है। उनके जवाब जानने के लिए पुलिस अक्षत को रिमांड पर ले सकती है। पुलिस मजबूत चार्जशीट बनाने के लिए कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है। वहीं अक्षत को अभी भी जेल अस्पताल में ही रखा गया है। उसके स्थिति पर डॉक्टर नजर रखें हुए हैं।

 

संबंधित समाचार