बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के लिए 98.28 करोड़ जारी: वित्तीय अनुशासन के साथ होगा भुगतान, परियोजना को मिलेगी स्थिरता
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश सरकार ने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे परियोजना के निर्माण से जुड़े ऋण के मूलधन की अदायगी के लिए 98.28 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है। इसे यूपीडा को निर्धारित शर्तों के अधीन अवमुक्त किया जाएगा। यह राशि वित्तीय वर्ष 2025-26 में लिए गए ऋण की अदायगी हेतु जनवरी से मार्च 2026 की अवधि के लिए स्वीकृत की गई है।
शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि जारी की गई धनराशि सीधे उसी बैंक खाते में जमा कराई जाएगी, जहां से संबंधित वित्तीय संस्थाओं का ऋण लिया गया था। इसे किसी अन्य खाते में रखने की अनुमति नहीं होगी।
इसके साथ ही धन के उपयोग को लेकर सख्त वित्तीय नियमों और बजट मैनुअल का अनुपालन अनिवार्य किया गया है। सरकार ने निर्देश दिए हैं कि अवमुक्त धनराशि के सापेक्ष उपयोगिता प्रमाण पत्र और कार्य का सत्यापित लेखा निर्धारित समयावधि में महालेखाकार कार्यालय और शासन को उपलब्ध कराया जाएगा। किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता की पूरी जिम्मेदारी यूपीडा की होगी।
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे परियोजना मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में मजबूत कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय विकास का प्रमुख आधार मानी जा रही है। ऋण के मूलधन की समय पर अदायगी से परियोजना की वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित होगी और भविष्य की अधोसंरचना परियोजनाओं के लिए निवेशकों का भरोसा और मजबूत होगा।
