Moradabad:प्रमुख मार्गों व भीड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी, 24 घंटे कंट्रोल रूम रहेगा सक्रिय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। होली के मद्देनजर बिजली विभाग ने निर्बाध एवं सुचारू विद्युत आपूर्ति देने के निर्देश जारी किए हैं। प्रबंध निदेशक पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (मेरठ) रवीश गुप्ता ने सभी जिलों के अधिकारियों को त्योहार के दौरान विशेष सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा है कि होली के दौरान किसी भी प्रकार का व्यवधान नहीं होना चाहिए। यदि किसी कारणवश ब्रेकडाउन या आपूर्ति बाधित होती है तो उसका तत्काल निस्तारण किया जाए। 

सभी प्रमुख मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थलों पर विद्युत लाइनों एवं उपकरणों का विशेष निरीक्षण कर तकनीकी खामियों को तुरंत दुरुस्त करें। मुख्य अभियंता अशोक कुमार चौरसिया ने बताया कि सभी केंद्रों पर मरम्मत गैंग, आवश्यक उपकरण, ट्रांसफार्मर और सामग्री उपलब्ध रखने को कहा गया है, जिससे लोकल फॉल्ट या ब्रेकडाउन की स्थिति में न्यूनतम समय में आपूर्ति बहाल की जा सके। रात्रि के समय प्रमुख स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।जनपद स्तर पर 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम को पूर्ण रूप से सक्रिय रखने तथा सक्षम अधिकारियों की तैनाती करने के आदेश जारी किए गए हैं। 

उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए हेल्पलाइन नंबर 1912 पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। इसके अलावा होलिका दहन कार्यक्रमों को विद्युत लाइनों से सुरक्षित दूरी पर आयोजित कराने के लिए स्थानीय स्तर पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी वितरण ट्रांसफार्मरों की जांच कर आवश्यक सुरक्षा गार्डिंग की जाएगी। यदि किसी कार्यक्रम या समारोह स्थल पर अस्थायी विद्युत संयोजन की मांग आती है तो नियमानुसार तत्काल अस्थायी कनेक्शन देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी विद्युत संबंधी समस्या की सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1912 या निकटतम विद्युत कार्यालय में दर्ज कराएं, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान किया जा सके।

संबंधित समाचार