मथुरा पुलिस का सख्त रुख, ब्रज की होली को बदनाम किया तो यूट्यूबर्स पर होगी कार्रवाई,सोशल मीडिया पर हो रही निगरानी  

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में ब्रज की विश्वविख्यात होली से जुड़े पुराने विवादित वीडियो को 'वर्तमान' बताकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस के अनुसार बरसाना की लठामार होली और वृंदावन की रंगभरनी एकादशी से जुड़े कई वर्ष पुराने वीडियो को कुछ यू-ट्यूबर्स द्वारा हालिया बताकर वायरल किया जा रहा था। 

इन वीडियो में महिलाओं के साथ अभद्रता अथवा जबरन रंग डालने जैसी घटनाएं दिखाई गई हैं। जांच में सामने आया है कि ये वीडियो पुराने हैं और इन्हें पर्व-काल के दौरान जानबूझकर प्रसारित किया गया, जिससे धार्मिक नगरी की छवि धूमिल हो। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देश पर साइबर सेल और आईटी टीम को सक्रिय कर दिया गया है। 

पुलिस ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट्स और यूट्यूब चैनलों की पहचान कर रही है, जिन्होंने भ्रामक तरीके से पुराने वीडियो को नए घटनाक्रम के रूप में प्रस्तुत किया। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि ब्रज की होली आस्था, परंपरा और उल्लास का प्रतीक है और इसे फर्जी प्रचार या सस्ती लोकप्रियता का माध्यम बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। भ्रामक और भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ विधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। 

पुलिस की आईटी टीम 24 घंटे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की निगरानी कर रही है और संदिग्ध लिंक, प्रोफाइल तथा चैनलों की सूची तैयार की जा रही है। आमजन से भी अपील की गई है कि बिना पुष्टि किसी भी वीडियो या पोस्ट को साझा न करें, ताकि अफवाह और दुष्प्रचार को रोका जा सके।

संबंधित समाचार