सार्वजनिक शौचालय बना डग्गामार बसों का स्टैंड, परिवहन आयुक्त कार्यालय के पास अवैध संचालन
रोडवेज को नुकसान और यात्रियों की सुरक्षा पर खतरा
लखनऊ, अमृत विचारः शहर में हनुमंत धाम मंदिर के पास बने सार्वजनिक शौचालय को डग्गामार बस चालकों ने अवैध रूप बस स्टैंड बना लिया है। परिवहन आयुक्त कार्यालय से कुछ ही दूरी पर इस शौचालय के पास सवारियां बैठाई और उतारी जा रही हैं। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
ये अवैध बस अड्डा कैसरबाग और अवध बस स्टैंड के करीब है। डग्गामार बसों के कारण दोनाें बस स्टैंड की आय पर भी असर पड़ रहा है। फैजाबाद रोड की ओर से आने वाली डग्गामार बसें बीबीडी यूनिवर्सिटी के पास लगे बैरियर और किसान पथ से सर्विस लेन होते हुए मल्हार, हाईकोर्ट के पीछे और लोहिया अस्पताल के सामने से परिवहन आयुक्त कार्यालय के सामने से चौक स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी तक पहुंचती हैं।
सूत्रों के अनुसार, अवैध बस संचालक रसूखदार लोगों के संरक्षण में कार्य करते हैं, जिससे कार्रवाई प्रभावित होती है। हाल ही में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पर स्लीपर बस हादसे में कई लोगों की जान चली गई थी। उस बस में भी क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया गया था। होली के समय डग्गामार बसों में अधिक सवारियां बैठाने से हादसे की आशंका बनी रहती है। इस संबंध में उप परिवहन आयुक्त लखनऊ परिक्षेत्र राधेश्याम ने कहा कि समस्त एआरटीओ को निर्देशित किया गया है कि होली के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जाए। अवैध वाहन संचालन पर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर नियमित कार्रवाई की जाए।
