होली पर लखनऊ चमकेगा: तीन टाइम पानी, फुल सफाई, निगम अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टी कैंसल, मुख्यालय से बाहर निकलना भी बैन
लखनऊ, अमृत विचार : होली पर शहर की सफाई चकाचक की जाएगी और लोगों को दिन में तीन बार पानी की आपूर्ति भी होगी। इसके लिए नगर निगम और जलकल विभाग ने रोस्टर तैयार कर लिया है। नगर निगम के अधिकारी और सफाईकर्मियों होली पर छुट्टी नहीं ले सकेंगे और न ही नगर आयुक्त की अनुमति के बिना अधिकारी मुख्यालय छोड़ सकेंगे। अपर नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी, जोनल सेनेटरी ऑफिसर, सफाई निरीक्षक और सुपरवाइजर सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग करेंगे। निरीक्षण के दौरान यह देखेंगे कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के साथ वार्डों में झाड़ू लगे और कूड़ा उठान किया जाए। सफाईकर्मियों की उपस्थिति की जांच भी करेंगे। इस संबंध में नगर आयुक्त गौरव कुमार ने निर्देश जारी कर दिए हैं।
रोस्टर के अनुसार सफाईकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे
4 मार्च को ही सफाईकर्मियों की होली की छुट्टी रहेगी। उस दिन रोस्टर के अनुसार सफाईकर्मिों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके लिए लखनऊ स्वच्छता अभियान (एलएसए), लॉयन इनवायरो और कार्यदाई संस्थाओं को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। एलएसए के प्रोजेक्ट हेड अभय रंजन ने बताया कि होली के दिन सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो इसके लिए विशेष समुदाय के कर्मचारियों को लगाया जाएगा। इसके अलावा जो कर्मचारी स्वेच्छा से कार्य करना चाहेंगे उन्हें अतिरिक्त वेतन दिया जाएगा।
बिना बताए गायब हुए तो कटेगा वेतन, होगी कार्रवाई
नगर आयुक्त के निर्देश के बाद भी पिछली बार सफाईकर्मी होली पर लंबी छुट्टी पर चले गए थे, जिससे शहर में शहर में जगह-जगह कूड़े के ढ़ेर लग गए थे। एक हफ्ता घरों से कूड़ा नहीं उठा था। इस स्थिति से बचने के लिए इस बार गायब रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ वेतन कटौती के साथ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
