Good News: नवरात्र में होगा नैमिष नगर, वरुण विहार, आईटी सिटी और वेलनेस सिटी का भूमि पूजन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

एलडीए एक साथ लांच करेगा योजनाएं, अप्रैल में खुलेंगे पंजीयन, पहले आईटी सिटी में किसानों को दिए जाएंगे भूखंड

लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ विकास प्राधिकरण अपनी नैमिष नगर, वरुण विहार, आईटी सिटी और वेलनेस सिटी योजना का एक साथ नवरात्र में भूमि पूजन करेगा। इसके बाद अप्रैल में भूखंडों का पंजीयन खोला जाएगा। प्राधिकरण ने योजनाएं लांच करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे पहले आईटी सिटी योजना में जमीन देने वाले किसानों को भूखंड आवंटित कर दिए जाएंगे।

प्राधिकरण की बीकेटी में नैमिष नगर योजना, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर वरुण विहार, सुल्तानपुर रोड पर आईटी व वेलनेस सिटी योजना प्रस्तावित हैं। सभी योजनाओं में किसानों से जमीन लेकर सेक्टर विकसित करने का काम तेजी से चल रहा है। अब एलडीए इन योजनाओं का एक साथ नवरात्र में भूमि पूजन करेगा। इसके बाद लांचिंग करके भूखंडों का पंजीयन खोल दिया जाएगा। एलडीए ने नैमिष नगर योजना में 400 हेक्टेयर जमीन अपने पक्ष में लेकर 250 हेक्टेयर का बैनामा करा लिया है। इसी तरह वरुण विहार योजना में 550 हेक्टेयर जमीन लेकर 300 हेक्टेयर का बैनामा करा लिया है। आईटी सिटी में 2200 एकड़ और वेलनेस में 300 एकड़ तक जमीन अधिग्रहित कर ली है।

बोर्ड में रखी जाएगी आईटी सिटी की एसओपी

एलडीए आईटी सिटी योजना की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) बनाकर मार्च में होने वाली बोर्ड बैठक रखेगा। स्वीकृति मिलते ही आम लोगों के लिए पंजीयन खाेलते हुए आवंटन, कब्जा, रजिस्ट्री आदि प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रस्ताव में भूखंड का पंजीयन, क्षेत्रफल, आवंटन, कब्जा, रजिस्ट्री आदि कैसे और किस आधार पर करना है इसके नियम व मानक बनाए जाएंगे। इस आधार पर योजना का संचालन किया जाएगा।

एक नजर में योजनाएं

वेलनेस सिटी क्षेत्रफल - 1197 एकड़

- सुपर स्पेशलिटी हाॅस्पिटल, मेडिकल काॅलेज

- डायग्नोस्टिक सेंटर विपासना केन्द्र, मेडिटेशन सेंटर

- सप्त ऋषियों के नाम से सात सेक्टर

- 112.50 से 450 वर्गमीटर के 2935 आवासीय भूखंड

- ग्रुप हाउसिंग व व्यावसायिक उपयोग के बड़े भूखंड

आईटी सिटी क्षेत्रफल - 2858 एकड़

- हाईटेक प्रौद्योगिकी व ग्लोबल बिजनेस पार्क

- साइंस एवं इंजीनियरिंग उपकरण क्षेत्र

- सुपर स्पेशलिटी मेडिकल जोन के भूखंड

- 72 से 1250 वर्गमीटर के 4025 आवासीय भूखंड

- 360 एकड़ का इन्डस्ट्रियल एरिया,

- 15 एकड़ क्षेत्रफल में वाटर बाॅडी

वरुण विहार क्षेत्रफल - 6580 एकड़

- 25 सेक्टर, 15 हजार से ज्यादा भूखंड

- उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा व लॉजिस्टिक क्षेत्र का विकास

- 800 एकड़ में ग्रीन बेल्ट, पार्क व वाटर बाड़ी

- एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्फ कोर्स

- सेंटर पार्क, 300 एकड़ में लॉजिस्टिक पार्क

नैमिष नगर क्षेत्रफल - 2678 एकड़

- तीन लाख लोगों को आवासीय सुविधा

- चौड़ी सड़कें, ग्रीन बेल्ट, पार्क, स्कूल, अस्पताल

- कम्यूनिटी सेंटर, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, व्यावसायिक केंद्र

- उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा व लॉजिस्टिक क्षेत्र का विकास

संबंधित समाचार