Bareilly : जिले के मरीजों को जल्द मिलेगी एयर एंबुलेंस की सुविधा
बरेली, अमृत विचार। एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में बरेली रिवीजन आर्थोप्लास्टी सिंपोजियम में रविवार को एसआरएमएस ट्रस्ट चेयरमैन देव मूर्ति ने जल्द ही मरीजों के लिए एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में एयर एंबुलेंस सेवा शुरू किए जाने की घोषणा की। साथ ही हादसों में घायलों के लिए बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल कॉलेज में लेबल वन का ट्रामा सेंटर स्थापित किए जाने की भी घोषणा की।
बरेली आर्थोपैडिक एसोसिएशन की ओर से दो दिवसीय बरेली रिवीजन आर्थोप्लास्टी सिंपोजियम आयोजित हुआ। इसमें रिवीजन टेक्निक्स पर विमर्श, वीडियो के माध्यम से ऑपरेशन की नई तकनीक की जानकारी, घुटने और कूल्हे की रिवीजन आर्थोप्लास्टी में बुनियादी बातों के साथ ऑपरेशन के महत्वपूर्ण प्वाइंट्स का चरण दर चरण वैज्ञानिक विश्लेषण प्रस्तुत किया गया। सिंपोजियम में देश के चुनिंदा आर्थोपैडिक चिकित्सकों ने आठ सत्रों में अपने अपने विषय की विस्तृत जानकारी दी। आर्थोपैडिक सर्जन एवं बिथरी चैनपुर के विधायक डाॅ. राघवेंद्र शर्मा ने बढ़ते हादसों पर चिंता जताई और उन्हें रोकने के लिए जागरूकता और सही विधि से उपचार पर जोर दिया।
एसआरएमएस ट्रस्ट चेयरमैन देव मूर्ति ने सिंपोजियम के कांसेप्ट की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी काम की सफलता में रिवीजन सबसे जरूरी हिस्सा होता है। देव मूर्ति ने कहा कि बीमारी के उपचार के साथ ही बीमारी के प्रति जागरूक करने और बीमारी के गंभीर होने से पहले ही उपचार पर जोर दिया। कहा कि ऐसा तभी हो सकता है जब हम अपनी स्किल में लगातार सुधार करें और इंफेक्शन रेट को कम से कम करने का प्रयास करें।
इससे पहले उद्घाटन सत्र में बरेली आर्थोपैडिक एसोसिएशन के प्रेसिडेंट एवं सिंपोजियम के ऑर्गनाइजिंग चेयरमैन डाॅ. संजय गुप्ता ने सिंपोजियम के विषय में सभी को बताया। कहा कि यह सही सर्जिकल फैसले लेने को और बढ़ाएगा। सिंपोजियम के कोऑर्गनाइजिंग चेयरमैन एवं यूपीओए के वाइस प्रेसिडेंट डाॅ. विनोद पागरानी ने बरेली आर्थोपैडिक एसोसिएशन को ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज का सहयोग मिलने पर आभार जताया। इस मौके पर मेडिकल सुपरिटेंडेंट डाॅ. आरपी सिंह, डाॅ. आरबी कालिया, डाॅ. एसएस मोहंती, डाॅ. सिद्धार्थ एम. शाह, डाॅ. जतिन तलवार, डाॅ. सुजीत के. त्रिपाठी, डाॅ. अजीत सिंह, डाॅ. प्रेम गुप्ता, डाॅ. जफर इज्राइल, डाॅ. बीएस मूर्ति, डाॅ. संजय श्रीवास्तव, डाॅ. आरजी शर्मा, डाॅ. जीआर गंगवार, डाॅ. वरुण अग्रवाल, डाॅ. मनोज हीरानी, डाॅ. निकुंज गोयल मौजूद रहे।
