बाराबंकी : समाधान दिवस से नदारद पांच अधिकारियों का डीएम ने रोका वेतन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

311 शिकायतों में से 42 का हुआ निस्तारण

बाराबंकी, अमृत विचार। तहसील सिरौलीगौसपुर में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट तेजस के, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश यादव सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। समाधान दिवस में कुल 46 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

जिलाधिकारी ने बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने वाले पांच अधिकारियों अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण, उपायुक्त उद्योग, अधीक्षक सीएचसी टिकैतनगर, बीईओ पूरेडलई और अधिशासी अभियंता बाढ़ का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने और स्पष्टीकरण मांगे जाने के निर्देश भी दिए। इस दौरान विशेष कार्रवाई करते हुए अशोक कुमार, रजनापुर द्वारा विद्युत मीटर रीडिंग के संबंध में शिकायत पर मीटर रीडर महफूज को टर्मिनेट किए जाने के निर्देश दिए गए।

अख्तर अली, जलालपुर की न्यायालय आदेश से संबंधित शिकायत पर उपजिलाधिकारी को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए। मुख्यमंत्री आवास योजना से जुड़ी शिकायत पर इंद्रसेन सिंह और सूरज शुक्ला के मामले में परियोजना निदेशक डीआरडीए को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। सिंचाई संबंधी शिकायत पर सुंदरलाल, पीठापूरवा खुर्दमऊ के मामले में अधिशासी अभियंता सिंचाई को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि विवाद, सरकारी रास्ते व चकमार्ग, राशन कार्ड, पेंशन, आवास और अन्य जनसामान्य से जुड़े मामलों को प्राथमिकता पर निस्तारित किया जाएगा और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखना प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारी है। जनपद की सभी तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अन्तर्गत कुल 311 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिसमें से मौके पर ही 42 शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया गया।

जिसमें नवाबगंज में 65 प्रार्थना पत्रों में से 8 का तत्काल निस्तारण किया गया। रामसनेहीघाट में 61 में से 7, रामनगर में 52 में से 6, फतेहपुर में 38 में से 4 और हैदरगढ़ में 49 में से 2 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों को शेष प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संबंधित समाचार