यूपी सरकार नोएडा में बसाएगी 'जापान और सिंगापुर सिटी', एक हजार एकड़ भूमि का प्रस्ताव
जापान और सिंगापुर दौरे के बाद यूपी में विदेशी निवेशकों के लिए व्यवस्थाएं बनाने में जुटी सरकार
लखनऊ, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर और जापान दौरे के बाद वहां की कंपनियों के लिए यूपी में जमीन की तलाश शुरू हो गई है। ग्रेटर नोएडा में 1000 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास दो विशेष औद्योगिक शहर बसाने का प्लान है।
एक "जापान सिटी" और दूसरा "सिंगापुर सिटी"। दोनों शहर पांच-पांच सौ एकड़ में बसाए जाएंगे। यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने लैंड का प्रपोजल तैयार किया है। विदेशी निवेशकों को यूपी में लाने के उद्देश्य से हाल ही में मुख्यमंत्री ने जापान और सिंगापुर का दौरा किया था। दोनों देशों की कंपनियों के साथ 1.50 लाख करोड़ रुपये के एमओयू साइन किए थे। सिंगापुर और जापान से 2.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव मिले हैं। यीडा के मुताबिक, इन विशेष औद्योगिक एंक्लेव में विदेशी निवेशकों को एक ही स्थान पर विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इन क्षेत्रों पर विशेष जोर
जापान और सिंगापुर की जिन कंपनियों के साथ यूपी सरकार ने एमओयू साइन किए हैं-उनमें सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, ऑटोमोबाइल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, ग्रीन हाइड्रोजन, पावर टू-गैस, लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउस आदि शामिल हैं। इन्वेस्ट यूपी मुहिम की ये एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। दिलचस्प बात ये है कि जापान की दिग्गज कंपनियों में शुमार कुबोटा कॉर्पोरेशन, स्पार्क मिंडा, नगासे एंड कंपनी जैसे बड़े समूह यूपी में अपनी इकाईयां स्थापित करेंगे।
युवाओं को मिलेगा रोजगार
यूपी के कुशल युवाओं के लिए भी रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। दोनों देशों की बड़ी कंपनियों के यूपी में आने से यहां के हजारों युवाओं को रोजगार के बेहतर मौके मिलेंगे।
विकसित यूपी की तरफ बढ़ते कदम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी सरकार विकसित उत्तर प्रदेश की दिशा में आगे बढ़ रही है। इन्वेस्ट यूपी के जरिये देश और विदेश के निवेशकों को यूपी में औद्योगिक इकाईयां स्थापित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कानून-व्यवस्था और औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराए जाने से औद्योगिक जगत भी यूपी की तरफ आकर्षित हो रहा है।
