बाराबंकी बाबी हत्याकांड : वकीलों ने जाम किया हाइवे, डीएम को सौंपा पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। वकील शोएब किदवई उर्फ बाबी हत्याकांड का खुलासा, अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने आदि मांगों को लेकर अधिवक्ता समुदाय ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कचहरी से निकले वकीलों ने हाईवे पर बैठकर जमकर नारेबाजी की फिर बड़ी संख्या में डीएम कार्यालय पहुंचे। यहां पर सभा के दौरान पहुंचे डीएम को मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। डीएम ने मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। 

शनिवार को जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष नरेन्द्र वर्मा, महामंत्री रामराज यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रितेश मिश्र की अगुवाई में बड़ी संख्या में अधिवक्ता कचहरी से मुख्य हाईवे पर पहुंचे। यहां से नारेबाजी करते हुए कुछ दूर बढ़े वकील सड़क पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद वकील विरोध प्रदर्शन करते हुए डीएम कार्यालय की ओर रवाना हुए। एकजुट वकीलों को संबोधित करते हुए संघ अध्यक्ष आदि पदाधकारियों ने अपनी बात रखी। 

वकील इस बात पर अड़े रहे कि जिलाधिकारी के आने तक वह कहीं नहीं जाएंगे। समाधान दिवस से निपटकर डीएम शशांक त्रिपाठी वकीलों के बीच पहुंचे और बातचीत की। इस दौरान उन्हे ज्ञापन सौंपा गया, जिसके माध्यम से मांग की गई कि बाराबंकी को अयोध्या की बजाए लखनऊ मंडल से जोड़ा जाए। बाराबंकी में सभी टोल प्लाजा पर वकीलों के लिए टोल माफ हो। वकील शुएब किदवई हत्याकांड का शीघ्रतिशीघ्र खुलासा किया जाए।

 अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए तथा अयोध्या जिले में शामिल रुदौली तहसील फिर से बाराबंकी से जोड़ी जाए। डीएम ने वकीलो को आश्वस्त किया कि उनकी सभी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। इसके बाद वकील यहां से वापस कचहरी के लिए रवाना हो गए। अध्यक्ष नरेन्द्र वर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी की ओर से गंभीरता पूर्वक मांगों के समाधान का आश्वासन मिला है।

संबंधित समाचार