CM योगी के निर्देश का नहीं हो रहा पालन... पोर्टल पर वेतन स्लिप जारी पर बैंक खाते में नहीं पहुंची धनराशि
लखनऊ, अमृत विचार : मुख्यमंत्री योगी के निर्देश के बावजूद तमाम विभागों के राज्य कर्मियों के बैंक खाते में फरवरी माह का वेतन नहीं पहुंचा है। इससे कर्मचारी परेशान हैं। सैलरी का ब्रेसब्री से इंतजार कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि मानव संपदा पोर्टल पर तो वेतन स्वीकृत दिखा रहा है, मगर खाते में न आने से जरूरतें पूरी नहीं हो रही हैं।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उप्र. के महामंत्री अतुल मिश्रा का कहना है कि डिविजनल लेवल पर काम करने वाले कर्मचारियों की सैलरी आ गई है, लेकिन कई जिलों में ऐसा नहीं हुआ है और लाखों कर्मचारी सैलरी का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने होली से पहले सैलरी और पेंशन देने का वादा किया था, जो कि अभी तक पूरा नहीं हुआ है। त्यौहार की तैयारियां नहीं हो सकीं,अब देखना होगा कि वेतन और पेंशन कब मिलेगी ।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के ही रीजनल इंचार्ज आनंद मिश्रा ने बताया कि जौनपुर, गाजीपुर, मऊ, चंदौली, बहराइच और वाराणसी में कर्मचारी वेतन का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि तमाम कर्मचारियों की सैलरी ट्रेजरी लेवल पर अटकी हुई है क्योंकि डिपार्टमेंट ने बिल बना दिया और टोकन भी बनवा लिया, लेकिन बैंक ट्रांसफर नहीं हो सका।
वेतन की बाट जोह रहे एक कर्मचारी का दर्द है कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद भी माह के अंतिम दिन तक सैलरी और पेंशन नहीं मिली है। जिला अधिकारी और ट्रेजरी ऑफिसर चाहते तो राज्य सरकार का निर्देशानुसार 28 फरवरी तक वेतन भुगतान किया जा सकता था। अधिकारियों की हीलाहवाली से होली पर्व पर राज्य कर्मचारियाें के साथ पेंशनर्स भी परेशान हो रहे हैं।
