होली-रमजान को लेकर जौनपुर में बढ़ाई गई सुरक्षा, पुलिस अधिकारियों की लगाई गई ड्यूटी, दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में होली और रमजान को लेकर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने शासन के निर्देशों के क्रम में रंगभरी होली और रमजान माह की नमाज को सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरे जिले को 7 सुपरजोन, 28 जोन और 161 सेक्टर में विभाजित किया है। 

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रत्येक सुपरजोन, जोन और सेक्टर में नामित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी प्रभारी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतत भ्रमणशील रहें और जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। 

किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, स्थानीय नागरिकों से संवाद बनाए रखने तथा किसी भी संभावित विवाद की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। 

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। शांति व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की गई है। 

ये भी पढ़ें :
गोरखपुर में बच्ची की मौत: मेडिकल स्टोर पर इंजेक्शन लगाने से बिगड़ी हालत, संचालक फरार 

 

संबंधित समाचार