Uttrakhand: होलिका दहन की अगली रात आढ़ती ने फांसी लगाकर जान दी
हल्द्वानी, अमृत विचार। होलिका दहन की अगली रात एक आढ़ती ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने आढ़ती को फंदे से उतारा और उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुखानी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से सूर्या गांव में रहने वाले लाल सिंह सूर्या मुखानी थानाक्षेत्र के छड़ायल स्थित प्रेमपुर लोश्ज्ञानी में पत्नी व परिवार के साथ रहते थे और बड़ी मंडी में उनकी आढ़त है। बताया जाता है कि बीती 3 मार्च की रात लाल सिंह का किसी से विवाद हो गया था। विवाद के बाद वह घर पहुंचे तो परिजनों ने उन्हें दोबारा बाहर जाने से मना किया। जिसके बाद उन्होंने कमरे में जाकर फांसी लगा दी।
काफी देर तक जब कमरे से आहट नहीं मिली तो परिजन दरवाजा खोल कर अंदर पहुंचे। सामने सूर्या का शव फंदे से लटक रहा था। आनन-फानन में उन्हें फंदे से उतार कर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उन पर कर्ज की बात भी सामने आ रही है। थानाध्यक्ष सुशील जोशी ने बताया कि परिजनों ने घटना की सूचना नहीं दी। मामला संज्ञान में है और जांच की जा रही है।
