Rampur : सड़क हादसों में दंपति सहित सात लोगों को मौत
जिले भर में हुए हादसों में कई गंभीर रूप से घायल भी हुए
रामपुर, अमृत विचार। होली की तैयारी और उल्लास के बीच परिवारों को सड़क हादसे जिंदगी भर का गम दे गए। मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को हुए सड़क हादसों में सात लोगों की मौत हो गई। इनमें एक दंपति भी शामिल है। ये हादसे शहजादनगर थाना, मिलक थाना, शाहबाद थाना, अजीमनगर थाना और टांडा थाना क्षेत्र में ये हादसे हुए हैं। हादसों के बाद शवों को जिला अस्पताल मोर्चरी पर पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा।
घटना 1- दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित थाना शहजादनगर क्षेत्र में अहमदाबाद गांव के पास एक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक सौरभ की मौत हो गई। तेज रफ्तार डीसीएम ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। जिससे सौरभ नीचे गिर गया और डीसीएम का पहिया उसके सिर से गुजर गया। सौरभ थुनापुर से मटर बेचकर अपने घर मिलक क्षेत्र के बहादुरपुर गांव लौट रहा था। अहमदाबाद गांव के पास तेज रफ्तार डीसीएम ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना 2- टांडा क्षेत्र के डढ़ियाल के मोहल्ला भरतपुर निवासी होरी सिंह का बेटा भूप सिंह 30 वर्षीय मंगलवार की देर रात उत्तराखंड में स्थित एक स्टोन क्रेशर पर ड्यूटी करने के लिए जा रहा था। जैसे ही बाइक सवार युवक दढ़ियाल काशीपुर मार्ग पर गांव चौखंडी के पास स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचा तो वह सड़क किनारे बाइक खड़ी कर किसी का इंतजार करने लगा पीछे से आए डंपर के चालक ने युवक को बाइक सहित रौंद दिया। भूप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना 3- शाहबाद थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव निवासी इंद्रपाल (50) अपनी पत्नी लज्जावती (45) के साथ गुरुवार को बाइक से अपने साढ़ू के घर धनौरा गांव जा रहे थे। जब उनकी बाइक शाहबाद-चंदौसी मार्ग पर लश्करगंज मोड़ के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में इंद्रपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी लज्जावती गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने दोनों को तुरंत शाहबाद भेजा। घायल महिला को एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। दंपति की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।
घटना 4- थाना मिलक क्षेत्र के ग्राम हरदुआ निवासी 26 वर्षीय सुनील कुमार मजदूरी का काम करते थे। बुधवार सुबह करीब 6 बजे मोटरसाइकिल से होली के लिए डीजे लगवाने जा रहे थे। ग्राम हरदुआ के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गए। घायल को इलाज के लिए परिजन दिल्ली लेकर जा रहे थे। रास्ते में मौत हो गई।
घटना 5- स्वार क्षेत्र के रजा नगर निवासी मोहम्मद शान पुत्र इरशाद बुधवार रात अपने दोस्तों के साथ गांव में तरावीह पढ़ने गया था। तरावही पढ़ने के बाद वो कार से स्वार की ओर लौट रहे थे। जब उनकी कार स्वार-बिलासपुर मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ने के कारण कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। हादस में कार भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे मोहम्मद शान गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने घायल मो. शान को तुरंत स्वार के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना 6- गुरुवार शाम नगर के बिलासपुर रोड स्थित सिमरा मोड़ के समीप हुआ। क्षेत्र के गांव खाता चिंतामन निवासी 30 वर्षीय नरेश अपनी मां को लेने के लिए बड़े गांव जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों ने घायल को नगर के सरकारी अस्पताल भिजवाया जहां मौजूद डॉक्टर ने नरेश को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर अस्पताल पहुंचे स्वजनों ने बताया कि मृतक अपने पीछे एक पत्नी व पांच बच्चों को छोड़ गया है। मृतक मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था।युवक की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया है। सूचना पर केमरी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
