Moradabad: सृजित ने यूपीएससी की परीक्षा में हासिल की ऑल इंडिया 84 वीं रैंक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में पुलिस अधीक्षक यातायात- एसपी अपराध के पद पर कार्यरत सुभाष चंद्र गंगवार के बेटे सृजित गंगवार ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी ) की परीक्षा में सफलता हासिल की है। उन्हें ऑल इंडिया 84वीं रैंक प्राप्त हुई है। अपनी सफलता से सृजित ने परिवार और प्रदेश का नाम रोशन किया है।

मुरादाबाद में तैनात एसपी यातायात- एसपी अपराध सुभाष चंद गंगवार मूल रूप से शाहजहांपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि उनके बेटे सृजित ने पिछले वर्ष भी यूपीएससी परीक्षा में 277 रैंक हासिल की थी, इसके बाद उनका कस्टम विभाग में हुआ था, लेकिन वह इससे संतुष्ट नहीं थे। जिसके चलते दोबारा परीक्षा में बैठे। शुक्रवार को परिणाम की घोषणा पर 84वीं रैंक मिलने पर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सुभाष चंद्र गंगवार को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और सृजित की सफलता पर गर्व व्यक्त किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने भी सृजित की सफलता को विभाग के लिए गौरव का पल बताया। कहा कि यह उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्हें भी बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करेगी। एसपी यातायात ने बताया उनके दो बेटे हैं जिसमे सृजित बड़े हैं। जबकि छोटे बेटे बेंगलुरु में जॉब करते हैं।

 

संबंधित समाचार