बाराबंकी : 12 करोड़ की हेरोइन के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स बाराबंकी की टीम ने अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 5.549 किलोग्राम हेरोइन, एक क्रेटा कार और नकदी बरामद की गई है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई जा रही।

एएनटीएफ की टीम ने लखनऊ कमिश्नरेट के थाना चौक क्षेत्र में आगा बाकर इमामबाड़ा के सामने मैदान से मो. इमरान पुत्र मो. सुल्तान निवासी ग्राम टिकरा मुर्तजा थाना जैदपुर जिला बाराबंकी, हाल पता न्यू हैदरगंज थाना ठाकुरगंज लखनऊ को गिरफ्तार किया।

शुक्रवार को हुई इस कार्रवाई में तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 5.549 किलोग्राम अवैध हेरोइन, एक हुंडई क्रेटा कार, एक एंड्रॉयड मोबाइल, 6080 रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम और क्रेडिट कार्ड बरामद किए गए। 

इस मामले में लखनऊ के थाना चौक में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे यह हेरोइन कैम्पबेल रोड पर एक अज्ञात व्यक्ति से कम कीमत में मिलती थी। वह इसे खरीदकर छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर अलग-अलग जगहों पर अधिक कीमत में बेचकर मुनाफा कमाता था। 

प्रभारी निरीक्षक एएनटीएफ अयनुद्दीन के अनुसार आरोपी से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक एएनटीएफ अयनुद्दीन, उपनिरीक्षक अरविंद कुमार सिंह, सूरज सिंह, मनीष कुमार दुबे, हेड कांस्टेबल वेद प्रकाश दुबे, आलोक सिंह, आदिल हाशमी के अलावा थाना चौक लखनऊ पुलिस की टीम शामिल रही।

संबंधित समाचार