Bareilly : मुंबई-बरेली आने-जाने वाले यात्रियों को पहले से ज्यादा जेब करनी पड़ेगी ढीली
बरेली, अमृत विचार। 30 मार्च से बरेली से नवी मुंबई के लिए फ्लाइट शुरू हो जाएगी। नवी मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए राहत मिलेगी लेकिन मुंबई आने-जाने वाले यात्रियों के लिए जेब ढीली करनी पड़ेगी। बरेली-मुंबई आने-जाने वाले यात्रियों को जब नवी मुंबई होकर मुंबई जाना पड़ेगा तो उन्हें करीब 38 किलोमीटर तक टैक्सी का सफर तय करना पड़ेगा।
नवी मुंबई से मुंबई तक टैक्सी बुक करने पर यात्रियों को करीब एक से डेढ़ हजार रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं। हालांकि, अभी बरेली से मुंबई तक पहुंचने फिर नवी मुंबई तक आने वाले यात्रियों को अतिरिक्त खर्चा उठाना पड़ रहा है। 30 को नवी मुंबई शुरू होते ही मुंबई वाली फ्लाइट बंद हो जाएगी।
दरअसल, इंडिगो को नवी मुंबई फ्लाइट शुरू करने के लिए हाल ही में स्लॉट मिला है। इस उड़ान के लिए तैयारियां की जा रही हैं। बरेली से नवी मुंबई के लिए टिकट बुक कराने के लिए इंडिगो की वेबसाइट पर किराया भी अपलोड कर दिया गया है। इंडिगो की वेबसाइट के अनुसार 30 मार्च के लिए बरेली से नवी मुंबई के लिए 8405 रुपये प्रति यात्री किराया तय किया गया है।
2.20 बजे बरेली से उड़ान भरकर फ्लाइट नवी मुंबई एयरपोर्ट सायं 4.35 बजे पहुंचेगी। इधर बरेली एयरपोर्ट पर तैनात इंडिगो के एक अधिकारी के अनुसार नवी मुंबई उड़ान शुरू होने के बाद यात्रियों को फायदा मिलेगा। एयर ट्रैफिक सर्वे में नवी मुंबई फ्लाइट शुरू करने के लिए पूरा बहुमत मिला, इसके बाद इंडिगो ने उड़ान शुरू करने के लिए हामी भरी। हालांकि, अभी मुंबई के लिए प्रतिदिन 350 से ज्यादा यात्री बरेली से हवाई सफर करते हैं लेकिन नवी मुंबई शुरू होते ही मुंबई का ट्रैफिक भी इसी फ्लाइट में सफर करेगा।
नवी मुंबई फ्लाइट संचालन की तैयारियां की जा रहीं
बरेली एयरपोर्ट के निदेशक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि नवी मुंबई का किराया इंडिगो ने निर्धारित किया है, टिकट बुक करने के लिए वेबसाइट पर किराया अपलोड है। 30 मार्च से नवी मुंबई फ्लाइट शुरू कराने की तैयारियां की जा रही हैं। अभी बरेली-दिल्ली फ्लाइट संचालन के लिए स्लाट नहीं मिला है, इंडिगो भी बरेली-दिल्ली के लिए नए सिरे से सर्वे करा रही है।
