UP: 6 लाख उपभोक्ताओं पर पड़ेगा 3.96 लाख का हर माह बोझ

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

रामपुर, अमृत विचार। सिलेंडर महंगा होने से जिले के 6 लाख उपभोक्ताओं पर 3.96 लाख रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। शनिवार को भारत सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर पर 60 और कमर्शियल गैस सिलेंडर पर 114.50 रुपये बढ़ा दिए हैं। घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग अब 25 दिन बाद हो सकेगी और सिलेंडर की पर्ची लेने से पहले एजेंसी पर ओटीपी देना होगी। इसके बाद सिलेंडर की डिलीवरी हो पाएगी। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से महिलाओं में रोष है।

घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से महिलाओं में काफी गुस्सा है वह कहती हैं कि सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर पर एक दम 60 रुपये बढ़ा दिए हैं। महिलाओं ने गैस सिलेंडर पर बढ़े हुए दाम वापस लिए जाने की मांग की है। कहा कि सिलेंडर के दाम बढ़ने से रसोई का बजट बढ़ जाएगा जबकि, आमदनी कम हो रही है। ऐसे में सरकार को इस ओर कदम उठाना चाहिए। अब सिलेंडर की कीमत 873 रुपये 50 पैसे से बढ़कर 933 रुपये 50 पैसे हो जाएगी।

सरकार दाल-रोटी महंगी कर अब आम लोगों के घरों का चूल्हा भी बंद कराना चाहती है। अगर रसोई गैस के दाम बढ़ते हैं तो कई गरीबों के घर के चूल्हे बंद हो जाएंगे। सरकार को गरीब लोगों को ध्यान में रखकर फैसला लेने की जरूरत है। - अपर्णा सक्सेना

सरकार महंगाई आए दिन बढ़ा रही है लोगों को दो वक्त की रोटी कमाना मुश्किल हो रही है। सिलेंडर पर 60 रुपये बढ़ाया जाना उचित नहीं है। सरकार बढ़ाए गए दाम को वापस ले ताकि, मध्यम वर्ग के रसोई का बजट नहीं बिगड़े। - रीनू तिवारी

आकांक्षा श्रीवास्तव ने बताया कि सरकार ने एक दम प्रति सिलेंडर 60 रुपये बढ़ा दिए हैं। जिसके कारण मध्यम वर्ग के रसोई का बजट गड़बड़ा जाएगा। पहले सिलेंडर पर 1 रुपये बढ़ने पर शोर मच जाता था लेकिन, अब कभी 50 रुपये तो कभी 60 रुपये बढ़ा दिए जाते हैं।

 अनु श्री ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर पर 60 और कमर्शियल पर सरकार ने 114 रुपये 50 पैसे बढ़ा दिए हैं। सिलेंडर महंगा होने से महंगाई बढ़ेगी। रामपुर में 6 लाख उपभोक्ता हैं और उनपर प्रति माह 3 करोड़ 96 लाख का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। 

संबंधित समाचार