Uttrakhand: मुक्तेश्वर में अभी से 22 साल का रिकार्ड तोड़ने के करीब पहुंचा पारा
नरेन्द्र देव सिंह, हल्द्वानी। इन दिनों पहाड़ों पर पारा सामान्य से ज्यादा है। आमतौर पर अभी से पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान इतना नहीं चढ़ता लेकिन इस बार मार्च के पहले सप्ताह बाद ही गर्मी का अहसास होने लगा है। मैदानी इलाकों में तो जहां दिन के समय तपिश बढ़ ही रही वहीं, पहाड़ में दोपहर के समय पारा काफी चढ़ रहा है। हाल यह है कि ठंड के लिए प्रसिद्ध मुक्तेश्वर में गर्मी मानो अभी से 22 साल का रिकार्ड तोड़ने को है।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार मुक्तेश्वर में आठ मार्च यानी रविवार को अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री था जो सामान्य से 11.6 डिग्री ज्यादा है। यहां रात को तापमान 4.3 डिग्री दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि, मुक्तेश्वर में इससे पहले 20 मार्च 2004 को पारा 28.5 डिग्री पहुंचा था, वरना सामान्य तौर पर इन दिनों तापमान 20 से 21 डिग्री ही रहता है।
यही नहीं 20 मार्च 2004 को मुक्तेश्वर में दर्ज किया गया पारा आज तक का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान है। इस आठ मार्च को मुक्तेश्वर का पारा उस तापमान के करीब पहुंच गया है। नैनीताल में भी तापमान ने छलांग लगाई है। यहां न्यूनतम तापमान ही 14 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।
अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। यहां पारा सामान्य से चार डिग्री ज्यादा रहा है। इधर मैदानी इलाके भी मार्च के पहले सप्ताह के गुजरते ही तपने लगे हैं। हल्द्वानी में तापमान 30.7 डिग्री रहा जो सामान्य से 2.9 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री रहा।
पिछले 10 साल में मुक्तेश्वर में मार्च माह का अधिकतम तापमान
साल तापमान (मार्च में दिनांक)
2025 25.6 (30)
2024 26.4 (29)
2023 22.2 (4)
2022 26.4(29)
2021 25.6(29)
2020 22.4(31)
2019 24.6(31)
2018 25.4(27)
2017 28.0(31)
2016 25.2(25)
ऑल टाइम रिकार्ड-28.5 (20 मार्च 2004)
(स्रोत-मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून)
