ई-कॉमर्स कंपनी Meesho को आयकर विभाग का नोटिस : 1,500 करोड़ का भरना होगा टैक्स, चुनौती देगी कंपनी
दिल्ली। ई-कॉमर्स कंपनी मीशो को आयकर विभाग से लगभग 1,500 करोड़ रुपये की कर मांग का नोटिस मिला है। कंपनी ने इस नोटिस को चुनौती देने का निर्णय लिया है। मीशो ने शेयर बाजार को दी एक सूचना में कहा कि उसे छह मार्च को आकलन वर्ष 2023-24 के लिए आयकर विभाग से यह नोटिस मिला। इसमें विभाग की आकलन इकाई ने ब्याज सहित कुल 1,499.73 करोड़ रुपये की कर मांग रखी है।
नियामकीय सूचना के मुताबिक, यह कर मांग कंपनी द्वारा घोषित आय में कुछ बढ़ोतरी और समायोजन को आधार बनाते हुए जारी किया गया है। मीशो ने कहा कि वह इस आकलन आदेश की समीक्षा कर रही है और उसमें की गई टिप्पणियों और समायोजनों से सहमत नहीं है। कंपनी ने कहा, "हमारा मानना है कि कंपनी के पास इसे चुनौती देने के लिए पर्याप्त कानूनी एवं तथ्यात्मक आधार हैं और अपने हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठा रहे हैं।"
कंपनी ने बताया कि आकलन वर्ष 2022-23 के लिए भी इसी तरह की कर मांग रखी गई थी। उस मामले में कर्नाटक उच्च न्यायालय ने 17 अप्रैल, 2025 को अंतरिम स्थगन दे दिया था और मामला अभी लंबित है। मीशो ने कहा कि मौजूदा आकलन आदेश और मांग नोटिस का कंपनी की वित्तीय स्थिति, परिचालन या अन्य गतिविधियों पर कोई बड़ा प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
ये भी पढ़ें :
क्रूड ऑयल 100 डॉलर पार, मिडिल ईस्ट टेंशन के बीच पहली बार दामों में उछाल
