Bareilly: एक हजार हेक्टेयर में औद्योगिक गलियारा बसाने की कवायद शुरू

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। आर्थिक रूप से बरेली को और मजबूत करने के साथ ही युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से औद्योगिक गलियारा बसाने की कवायद तेज हो गयी है। एक हजार हेक्टेयर भूमि चिह्नित करने के लिए एसडीएम अपने अधीनस्थों के साथ जुटे हैं।

यह भूमि निर्माणाधीन या प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग व राज्यीय राजमार्ग या अन्य ऐसे मार्ग पर खोजी जा रही है, जहां से औद्याेगिक गतिविधियां आसान से संचालित हो सकें। यूपीडा के महत्वपूर्ण परियोजना के संबंध में बुधवार को डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा कर जल्द भूमि चिह्नित कराने के निर्देश दिए।

औद्योगिक गलियारा विकसित होने के जनपद एवं राज्य के शहरों में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के रास्ते खुलेंगे और लॉजिस्टिक्स दक्षता में सुधार होने के साथ निवेश को बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय स्तर पर बड़ी संख्या में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार भी खुलेंगे। बुनियादी ढांचा (बिजली, पानी, सड़क) के साथ तैयार भूमि उपलब्ध होने से उद्योगों को स्थापित करने को बढ़ावा मिलेगा। डीएम अविनाश सिंह का कहना है कि यूपीडा की यह परियोजना जनपद एवं राज्य में निवेश को आकर्षित करेगी। 

ग्रामीण और पिछडे़ क्षेत्रों में भी उद्योगों के आने से आर्थिक विकास होगा। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी देश दीपक सिंह के साथ जनपद में औद्योगिक गलियारा विकसित करने के संबंध में बैठक की। डीएम ने जिले के सभी उप जिलाधिकारी को पत्र जारी कर औद्योगिक गलियारा विकसित करने को भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं।

विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी ने बताया कि यूपीडा ने बरेली में औद्योगिक गलियारा (एकीकृत विनिर्माण और लॉजिस्टिक्स) प्रस्तावित किया है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी का 9 जनवरी को पत्र मिला था। औद्योगिक गलियारा विकसित करने के लिए करीब एक हजार हेक्टेयर भूमि क्रय व अर्जन की जानी है। भूमि ऐसी जगह होनी चाहिए, जिससे औद्योगिक क्षेत्र से आवागमन सुचारु रूप से संचालित हो सके। भूमि जलभराव या जलमग्न होने वाली न हो। इसके साथ नहर, हाईटेंशन लाइन आदि से भी दूर होनी चाहिए।

 

संबंधित समाचार