बाराबंकी : डीडी पंचायत का निरीक्षण, कमियों पर जताई नाराजगी, सचिव को किया तलब
सूरतगंज/बाराबंकी, अमृत विचार : अयोध्या मंडल के उपनिदेशक पंचायत अरविन्द कुमार ने विकास खंड सूरतगंज की रायपुर और फिरोजपुर ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ग्राम प्रधानों को शीघ्र सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों पंचायतों के अंत्येष्टि स्थलों का जायजा लिया और शेष निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने का निर्देश फिरोजपुर के ग्राम प्रधान सुरेन्द्र कुमार तथा रायपुर के प्रधान पुत्र अंकित श्रीवास्तव को दिया। पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालय में साफ-सफाई व पेंटिंग की कमी देखकर उन्होंने नाराजगी जताई।
गांव के सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी मिलने पर सहायक विकास अधिकारी पंचायत पुष्पा मिश्रा को सफाईकर्मियों से तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। रायपुर पंचायत के सचिव विजय सिंह के निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिलने पर डीडी पंचायत ने एडीओ पंचायत से जानकारी ली। बताया गया कि सचिव एक दिन के आकस्मिक अवकाश पर हैं।
इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने एडीओ पंचायत को निर्देश दिया कि सचिव विजय सिंह को तीन दिन के भीतर पत्रावली के साथ मंडलीय कार्यालय में उपस्थित कराया जाए। इस दौरान मंडलीय कनिष्ठ नवीन कुमार, इंजीनियर विकास नाग, सचिव विवेक कुमार, शिवा सिंह, राकेश सिंह, खंड प्रेरक आरके वर्मा और रमाकांत भी मौजूद रहे।
