एटा में सनसनीखेज वारदात : प्रेमिका के खातिर ले ली दोस्त की जान, हत्या की वजह पुलिस भी हैरान

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक द्वारा अपने ही दोस्त की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी मोहित और उसके भाई रवि को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार थाना निधौली कला क्षेत्र के मितरोल गांव निवासी मोहित (19) पड़ोस की एक युवती से प्रेम करता था। कुछ समय पहले उसे पता चला कि उसका दोस्त धर्मेन्द्र (17) भी उसी युवती से बातचीत कर रहा है। 

इसी बात को लेकर मोहित ने धर्मेन्द्र से रंजिश पाल ली और उसे रास्ते से हटाने की योजना बना डाली। योजना के तहत मोहित ने घटना से करीब 12 दिन पहले बाजार से कुल्हाड़ी और रस्सी खरीदी तथा उसे घटना स्थल के पास खेत में छिपा दिया। छह फरवरी की सुबह करीब साढ़े तीन बजे उसने अपने भाई के फोन से धर्मेन्द्र को दौड़ लगाने के बहाने बुलाया। 

दौड़ के दौरान मोहित ने भर्ती की ट्रेनिंग का बहाना बनाकर रस्सी से धर्मेन्द्र के पैर बांध दिए और उसे सरसों के खेत में ले जाकर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मृतक का मोबाइल और जले हुए कपड़ों की राख बरामद कर ली है। 

संबंधित समाचार