SI Exam : अभ्यर्थियों के लिए अयोध्या डिपो की 155 बसें ऑन रोड, परीक्षा को लेकर परिवहन निगम की तैयारी
अयोध्या, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 को लेकर परिवहन निगम ने भी तैयारी की है। अभ्यर्थियों के आवागमन के लिए अयोध्या डिपो की 155 बसें ऑन रोड रहेंगी। साथ ही बस स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए 24 घंटे कर्मचारियों की तैनाती की गई है। यह परीक्षा 14 और 15 मार्च को अयोध्या जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। इसमें कुल 16,320 परीक्षार्थी भाग लेंगे।
अयोध्या में गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, गोंडा, अंबेडकरनगर और सुल्तानपुर समेत आसपास के जिलों के अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं। इसको लेकर परिवहन निगम ने अयोध्या डिपो से 24 घंटे बस सेवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है।
अयोध्या डिपो के एआरएम आदित्य प्रकाश ने बताया कि एसआई भर्ती परीक्षा को देखते हुए एक दिन पहले से ही बसों को ऑनरोड कर दिया गया है। सभी प्रमुख मार्गों पर बसों का संचालन किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर बसों को आरक्षित भी रखा जाएगा। भीड़ की मांग के अनुसार इन्हें संबंधित मार्ग पर चलाया जाएगा।
