सुलतानपुर : राष्ट्रीय लोक अदालत में 57,098 वादों का निस्तारण, लोगों को मिली राहत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सुलतानपुर। उच्च न्यायालय के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुलतानपुर के तत्वावधान में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों में कुल 57,098 वादों का निस्तारण किया गया। वहीं प्रशासनिक स्तर पर जनपद सुलतानपुर में 16,869 तथा अमेठी में 19,440 मामलों का निपटारा किया गया, जिससे हजारों लोगों को राहत मिली। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला न्यायाधीश सुनील कुमार चतुर्थ ने की। संचालन और समन्वय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मुक्ता त्यागी के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस दौरान विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों को आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित किया गया। 

राष्ट्रीय लोक अदालत में परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने वैवाहिक विवादों के 106 वादों और पूर्व वाद स्तर के आठ मामलों का आपसी समझौते से निस्तारण कराया। वहीं मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने 85 मोटर दुर्घटना दावों का भी निपटारा किया। 

इसके अतिरिक्त बैंक वसूली से संबंधित पूर्व वाद स्तर के मामलों में भी उल्लेखनीय सफलता मिली और कुल 1769 मामलों का निस्तारण करते हुए लगभग 10 करोड़ 72 लाख 96 हजार 870 रुपये की धनराशि पर समझौता कराया गया। 

लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों के न्यायिक अधिकारियों द्वारा बड़ी संख्या में मामलों का निपटारा किया गया, जिससे आमजन को त्वरित और सुलभ न्याय प्राप्त हुआ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मुक्ता त्यागी की सक्रिय भूमिका से पूरे आयोजन का सफल संचालन हुआ और न्यायिक अधिकारियों व कर्मचारियों के सहयोग से यह लोक अदालत प्रभावी रूप से संपन्न हुई। 

संबंधित समाचार