कानपुर : लोक अदालत में 2,38,336 वादों का निस्तारण
कानपुर, अमृत विचार। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर नगर के तत्वाधान एवं माननीय जनपद न्यायाधीश जनपद कानपुर नगर की अध्यक्षता में आयोजित की गयी जिसमें 2,38,336 वादों का निस्तारण किया गया और 25,62,95,177 रुपये धनराशि वसूल की गयी।
शनिवार को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा दिये गये दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जनपद न्यायाधीश अनमोल पाल द्वारा दीप प्रज्जवलित कर राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारम्भ किया गया। जनपद न्यायाधीश ने अपने संबोधन में कहा कि हमारा ये प्रयास होना चाहिए कि अधिक से अधिक वादों का निस्तारण करें।
इस कार्यक्रम के समस्त न्यायिक अधिकारीगण एवं कानपुर बार एसोसियेशन व लायर्स एसोसियेशन के अध्यक्ष व महामंत्री उपस्थित रहे। राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, वैवाहिक वाद, सिविल वाद, मोटर-दुर्घटना वाद, राजस्व वाद, आरबीट्रेशन वादों के साथ- साथ बैंक व बीमा कम्पनी में लम्बित वादों को प्री-लिटिगेशन स्तर पर सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया गया।
मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (साउथ) के 95 वाद, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (नार्थ) के 83 वाद, पारिवारिक न्यायालय के 05 वाद, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, कानपुर नगर के 36212 वाद, विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट, के 2290 वादों का निस्तारण किया गया। इसी प्रकार जनपद न्यायालय, कानपुर नगर के न्यायिक अधिकारीगण द्वारा कुल 81,493 वादों का निस्तारण कर 17,86,06,684 रुपये की धनराशि दिलायी / वसूल की गयी।
प्रीलिटीगेशन स्तर पर बैंक व टेलीकाम कम्पनी द्वारा 1105 वादों का निस्तारण कर 7,76,88,493 रुपये वसूल किये गये। प्रशासनिक अधिकारीगण द्वारा 155738 वादों का निस्तारण किया गया। इस प्रकार जनपद कानपुर नगर में 2,38,336 वादों का निस्तारण कर 25,62,95,177 रुपये की धनराशि दिलायी / वसूल की गयी। उपरोक्त कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोक अदालत का विवरण सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुदेश कुमारी द्वारा बताया गया एवं रश्मि सिंह, नोडल अधिकारी, लोक अदालत द्वारा धन्यवाद ज्ञापन दिया गया।
