Bareilly : गैस की कालाबाजारी, ओवर रेटिंग जांचने को अफसरों ने की छापेमारी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। जनपद की गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में गैस का भंडारण है, इसके बावजूद गैस संकट काे लेकर हल्ला मचा है। गैस की कालाबाजारी या ओवर रेटिंग की हकीकत परखने के लिए डीएम अविनाश सिंह सहित एडीएम एफआर, एडीएम सिटी, एसडीएम व डीएसओ आदि अफसरों ने गैस एजेंसियों पर छापेमारी की।

गैस एजेंसियाें में ऑनलाइन स्टॉक देखने के बाद उसका गोदाम के स्टॉक से मिलान किया। कहीं कोई गड़बड़ी नहीं मिली। डीएम ने गैस एजेंसी पर सिलेंडर बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं से भी संकट को लेकर बातचीत की, लेकिन सभी ने गैस मिलने की बात कही।

डीएम का कहना है कि जनपद की सभी गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में गैस का भंडारण है। लगभग सभी एजेंसियों पर दो दिन में अधिकारियों ने स्टॉक चेक कर लिया है। शुक्रवार को सभी एजेंसियों पर एसडीएम, सीओ, बीडीए, इंस्पेक्टर आदि अफसरों ने जांच की। शनिवार को सभी एडीएम, डीएसओ, सीओ आदि अफसरों ने एजेंसियों और गाेदामों के स्टॉक का मिलान कराया है।

डीएम ने कहा कि उपभोक्ताओं को गैस मिल रही है। उन्होंने निरीक्षण के दौरान गैस एजेंसियों के संचालकों को निर्देश दिए हैं कि कोई वृद्ध महिला या पुरुष उपभोक्ता बुकिंग कराने आते हैं तो उनके घर पर सीधे सिलेंडर पहुंचाने की व्यवस्था करें।

डीएम ने एडीएम सिटी सौरभ दुबे के साथ इंडेन और एचपी की एजेंसियों का निरीक्षण किया। इधर, एडीएम फाइनेंस संतोष कुमार सिंह ने पीलीभीत बाईपास रोड स्थित लता इंडियन गैस, शहामतगंज स्थित मलका इंडियन गैस सर्विस, हार्ट मन कॉलेज रोड स्थित रुहेलखंड इंडेन गैस का निरीक्षण किया। गोदाम भी चेक किए। गोदाम पर मौजूद गैस सिलेंडर के स्टॉक का गैस एजेंसी से प्राप्त ऑनलाइन स्टॉक से सत्यापन किया।

सत्यापन में स्टॉक सही मिला। एडीएम ने एजेंसी संचालकों से कहा है कि यदि गैस एजेंसी के विरुद्ध ओवर रेटिंग संबंधी कोई भी शिकायत प्राप्त हुई तो एजेंसी के विरुद्ध आवश्यक दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह और आपूर्ति लिपिक आशीष कुमार मौजूद रहे।

लता इंडेन गैस गोदाम पर स्टॉक रजिस्टर भरा नहीं मिला
- लता इंडेन गैस के गोदाम पर स्टॉक रजिस्टर भरा नहीं पाया गया। इसके लिए गैस एजेंसी के स्वामी को नोटिस जारी किया जा रहा है। अन्य निरीक्षण में मौके पर कोई अनियमितता नहीं पाई गई। एजेंसी मालिक एवं मैनेजर को निर्देशित किया कि ऐसी व्यवस्था बनाएं कि उपभोक्ताओं में गैस से संबंधित कोई भ्रांति न हो। सिलेंडर की बुकिंग प्राप्त होने पर जल्द उपभोक्ताओं को गैस की रीफिल उनके घर डिलीवर कराएं।

संबंधित समाचार