बाराबंकी : 30 मार्च तक पूरा होगा निर्माण, नई बिल्डिंग में शुरू होगी शिफ्टिंग
बाराबंकी, अमृत विचार। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे रविवार को बाराबंकी रेलवे स्टेशन पहुंचे और यहां पर अमृत भारत योजना के तहत हो रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। कहा कि इस माह के अंत तक 30 मार्च तक न्यू बिल्डिंग का निर्माण कार्य पूरा हो जाने की उम्मीद है। जिसके बाद शिफ्टिंग हो जाएगी। उसके बाद आगे के कार्य के लिए पूरानी बिल्डिंग को तोड़ा जाएगा और आगे का कार्य पूरा किया जाएगा।
महाप्रबंधक विशेष ट्रेन से बाराबंकी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर पहुंचे। उनके आने की सूचना पाने के बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, जीआरपी, आरपीएफ पुलिस बल मौजूद रहा। जीएम ने सबसे पहले अमृत भारत योजना के तहत हो रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। प्रस्तावित ओवरब्रिज व दूसरे प्रवेश द्वार का मुआयना किया।
इसके बाद स्टेशन पर मौजूद सुविधाओं को भी परखा। जीएम ने जायजा लेने के बाद मौजूद अफसरों के साथ बातचीत की तथा उपलब्ध सुविधाओं व जरूरतों पर चर्चा की। उन्होने बताया कि बाराबंकी स्टेशन का संपूर्ण विकास हो रहा है। 30 मार्च तक निर्माण से जुड़े सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
इस समय काम काफी तेजी पर है। रेल विभाग स्टेशनों के समुचित विकास के लिए तत्पर है। अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। कुछ समस्याओं से अवगत कराए जाने पर उन्होने कहा कि विकास कार्य में सारे कार्य निहित हैं। आमजन की समस्याओं का भी ख्याल रखा जाएगा।
