बरेली: बंटने से पहले ही उधड़ने लगे बीआरसी केंद्र में रखे स्वेटर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। परिषदीय स्कूलो के बच्चों के लिए स्वेटर खरीद में बड़ा खेल किया गया है। हर कदम पर एक नई लापरवाही उजागर हो रही है। स्वेटरों की गुणवत्ता इतनी खराब है कि कई स्वेटर तो बच्चों तक पहुंचने से पहले ही उधड़ने लगे हैं। लापरवाह विभागीय अधिकारियों ने सरकारी योजना का मजाक बनाकर …

अमृत विचार, बरेली। परिषदीय स्कूलो के बच्चों के लिए स्वेटर खरीद में बड़ा खेल किया गया है। हर कदम पर एक नई लापरवाही उजागर हो रही है। स्वेटरों की गुणवत्ता इतनी खराब है कि कई स्वेटर तो बच्चों तक पहुंचने से पहले ही उधड़ने लगे हैं। लापरवाह विभागीय अधिकारियों ने सरकारी योजना का मजाक बनाकर रख दिया है।

हैरानी की बात तो यह है कि इतनी लापरवाही उजागर होने के बाद भी न तो सरकार जागने का नाम ले रही है और न ही आला अधिकारी कोई कार्रवाई कर रहे हैं। खुद को जनता के हितैषी बताने वाले समाजसेवी संगठन भी खामोश हैं और कोई जनप्रतिनिधि भी बच्चों को इंसाफ दिलाने को आगे नहीं आ रहा। यही वजह है कि विभागीय अधिकारी बेखौफ होकर गरीब बच्चों को घटिया क्वालिटी के स्वेटर बांटने में लगे हैं।

बीते करीब एक माह से स्वेटर वितरण का कार्य तेजी से चल रहा है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, करीब 90 फीसदी स्वेटर बांटे जा चुके हैं। वहीं, हकीकत में स्वेटर अभी भी बीआरसी केंद्रों से ही स्कूलों तक नहीं पहुंचे हैं। एक बार स्वेटर बंटने के बाद जब दोबारा फर्मों ने बीआरसी केंद्रों पर स्वेटर पहुंचाए तो उनकी हालत एकदम खस्ता थी। उसमें अधिकांश स्वेटरों का पैकिंग के अंदर ही बॉर्डर उधड़ रहा था।

कई स्वेटरों में हल्के छेद भी देखने को मिले मगर जिम्मेदारों ने इस पर पर्दा डालते हुए शिक्षकों को वही स्वेटर स्कूल ले जाने के आदेश दे दिए। ऐसे में जब तक ये स्वेटर बच्चों के हाथ में आएंगे तब तक शायद यह पूरी तरह से उधड़ भी जाएं या उनमें एक दो बार पहनने के बाद ही छेद हो जाएं। इस तरह घटिया क्वालिटी के स्वेटर बांट कर बेसिक शिक्षा विभाग बच्चों के साथ सिर्फ मजाक कर रहा है। सूत्रों की मानें तो इस पूरे स्वेटर के मामले में लाखों रुपये का घोटाला भी हुआ है। वहीं, शिक्षक संघ भी इस पूरे मामले की जांच के लिए आवाज उठाने की तैयारी में जुटे हैं।

यदि किसी भी शिक्षक के पास फटे या गुणवत्तापूर्ण स्वेटर नहीं पहुंच रहे हैं तो वे उन स्वेटरों को न लें। इसकी शिकायत करें। मामले की जांच कराकर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बच्चों को सिर्फ गुणवत्तापूर्ण स्वेटर ही मिलने चाहिए। स्वेटरों की जांच कराने के लिए बीआरसी पर टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। -विनय कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी

संबंधित समाचार