UP : ‘वाया’ के सहयोग से कर्ज से उबरा परिवार
लखनऊ, अमृत विचार : वैश्य इंटरनेशनल एसोसिएशन “वाया” के सहयोग से दिल्ली के पश्चिम विहार निवासी सीए विकास गर्ग का परिवार कर्ज के बोझ से मुक्त होकर नई शुरुआत कर सका है। गंभीर बीमारी के कारण नौकरी छूटने और आर्थिक संकट में फंसे इस परिवार को संस्था की मदद ने फिर से संभाल दिया। यह जानकारी औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने दी।
नंदी ने कहा कि वाया का उद्देश्य स्पष्ट है कि जब कोई अपना कठिन परिस्थिति में हो, तो उसे अकेला न छोड़ा जाए। संस्था समाज के सहयोग से जरूरतमंद परिवारों को सहारा देने का कार्य कर रही है। सीए विकास गर्ग और उनकी पत्नी डॉ. सारिका गर्ग पिछले कुछ वर्षों से आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। बीमारी के चलते नौकरी छूट गई, जिससे आय का स्रोत बंद हो गया। परिवार चलाने के लिए उन्होंने प्रॉपर्टी व्यवसाय शुरू किया, लेकिन नुकसान होने से पूरी जमा पूंजी खत्म हो गई। इसके बाद उन्होंने उधार लेकर काम संभालने की कोशिश की, जो बढ़कर करीब 13 लाख रुपये तक पहुंच गया। कर्जदाताओं का दबाव और धमकियां बढ़ने से परिवार पूरी तरह टूटने की स्थिति में आ गया।
इसी दौरान वाया के बारे में जानकारी मिलने पर परिवार ने संस्था से संपर्क किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए संस्था की कमेटी ने त्वरित निर्णय लेते हुए सभी लेनदारों को बुलाकर करीब 12.40 लाख रुपये का पूरा कर्ज चुका दिया। कर्ज से राहत मिलने के बाद न केवल परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरी, बल्कि सीए विकास गर्ग को आईसीएआई में दोबारा नौकरी भी मिल गई। अब परिवार सामान्य जीवन की ओर लौट चुका है।
संस्था से जुड़े उद्योगपति महेश गुप्ता (केंट आरओ), मनोहर लाल अग्रवाल (हल्दीराम), नंद किशोर अग्रवाल, राजेश गुप्ता, प्रियंका गुप्ता और दीपक सिंघल ने भी इस प्रयास को समाज के लिए प्रेरक बताया।
यह भी पढ़ें : प्रधानमंत्री मोदी 28 मार्च को करेंगे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन, सीएम योगी ने तैयारियों का लिया जायजा
