यूपी के इस गांव में बैन हुआ डीजे :पंचायत ने शादियों में बजने से लगाईं रोक, उल्लंघन पर सामाजिक बहिष्कार 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

नोएडा। उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के नवादा गांव में ग्राम पंचायत ने एक अहम निर्णय लेते हुए शादियों और अन्य सामाजिक समारोहों में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। पंचायत का यह फैसला गांव के बुजुर्गों, बच्चों और विशेष रूप से दिल के मरीजों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

सोमवार को पंचायत प्रतिनिधियों के नेतृत्व में फैसले को सार्वजनिक कर जानकारी साझा की गई, जहां उनके द्वारा बताया गया कि तेज आवाज में बजने वाले डीजे से न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, बल्कि इससे बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को गंभीर परेशानी होती है।

कई बार रात देर तक चलने वाले कार्यक्रमों के कारण लोगों की नींद भी प्रभावित होती है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ती हैं। पंचायत ने अपने निर्णय को सख्ती से लागू करने के लिए स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति इस नियम का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ सामाजिक बहिष्कार जैसी कार्रवाई की जाएगी। पंचायत का कहना है कि गांव की शांति और सामूहिक हित सर्वोपरि है, इसलिए सभी को इस फैसले का पालन करना होगा।

गांव के इस फैसले को क्षेत्र में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस निर्णय से गांव में शांति का माहौल बनेगा और पारंपरिक तरीकों से समारोह आयोजित करने की संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।

ये भी पढ़ें  : 
पीएम सूक्ष्म योजना में यूपी अव्वल: 7340 प्रस्ताव स्वीकृत, 2000 करोड़ से अधिक का टर्म लोन मंजूर

संबंधित समाचार