बाराबंकी: सरकार के स्वच्छ भारत मिशन को आइना दिखा रहे अर्ध निर्मित शौचालय, नहीं पड़ी छत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी। विकासखंड सिद्धौर की ग्राम पंचायत शेषपुर जाहिद अली के अर्ध निर्मित शौचालय स्वच्छ भारत मिशन को आइना दिखा रहे हैं। लाखों रुपए की लागत से बनवाए गए इन शौचालयों में आज तक छत नहीं पड़ी है न ही टैंक बना है। और तो और तमाम शौचालयों में सीट तक नहीं रखी गई है। उस …

बाराबंकी। विकासखंड सिद्धौर की ग्राम पंचायत शेषपुर जाहिद अली के अर्ध निर्मित शौचालय स्वच्छ भारत मिशन को आइना दिखा रहे हैं। लाखों रुपए की लागत से बनवाए गए इन शौचालयों में आज तक छत नहीं पड़ी है न ही टैंक बना है। और तो और तमाम शौचालयों में सीट तक नहीं रखी गई है। उस पर तुर्रा ये कि इस ग्राम पंचायत को शौच मुक्त घोषित किया जा चुका है।

ग्राम पंचायत में स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय के निर्माण की खातिर लाखों रुपए की धनराशि आई थी। ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी ने आधे अधूरे शौचालयों का निर्माण करा कर शौचालय निर्माण के लिए आई धनराशि राशि का आपस में बंदरबांट कर लिया।

असन्द्रा बाजार की आदर्श कॉलोनी में हमीदा बानो पत्नी रशीद अहमद को शौचालय दिया गया। शौचालय की दीवारें तो खड़ी कर दी गईं लेकिन निर्माण प्रभारी छत डालना और टैंक बनवाना ही भूल गए। करीब एक वर्ष से शौचालय अर्ध निर्मित पड़ा है। कुछ ऐसा ही जकी अहमद के शौचालय का भी हाल है। दीवारें खड़ी हैं लेकिन न टैंक बना है और न ही छत बनी है। यही हाल मौलाना अलीम , युसूफ , रईस , सईद , मुल्ला तथा मुनव्वर के शौचालयों का भी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि दीवार बनाने में घटिया किस्म के ईटों का इस्तेमाल किया गया है। घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग होने से इन शौचालयों की गुणवत्ता पर प्रश्नचिन्ह लग गया है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक वर्ष से यह शौचालय आधे अधूरे पड़े हैं। ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी से कई बार अधूरे पड़े इन शौचालयों का निर्माण कार्य पूर्ण करवाने को कहा गया परंतु आज तक किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया।

ऐसे में ग्रामीणों को शौच के लिए बाहर जाना पड़ रहा है। कुछ ग्रामीण दीवारों पर छप्पर तथा पटरिया रखकर छत बनाए हुए हैं। इस संबंध में जब ग्राम प्रधान से जानकारी करने का प्रयास किया गया तो उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका। खंड विकास अधिकारी सिद्धौर का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है शिकायत मिलने पर जांच के उपरांत कार्यवाही की जाएगी।

संबंधित समाचार