चैत्र नवरात्र पर चौकीदारों का सम्मान: साइकिल, टॉर्च और साफा वितरित कर बोले डीएम-एसपी, सुरक्षा के प्रहरी
जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में चैत्र नवरात्र के अवसर पर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में पहल करते हुए चौकीदारों को साइकिल, टॉर्च और साफा वितरित कर सम्मानित किया। पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने चौकीदारों को सम्मानित करते हुए उनकी भूमिका की सराहना की। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि चौकीदार ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की पहली कड़ी होते हैं और उनकी सतर्कता से ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम में चौकीदारों से संवाद भी किया गया, जिसमें उन्होंने अपने अनुभव साझा किए और कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि उन्हें हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
सम्मान पाकर कई चौकीदार भावुक नजर आए और उन्होंने प्रशासन के इस कदम को प्रेरणादायक बताया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए चौकीदारों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ये भी पढ़ें :
रामनवमी : PM मोदी ने दी देशवासियों को बधाई, सीएम योगी की अपील, शांति और सौहार्द के साथ मनायें पर्व
